March 31, 2026
Entertainment

‘कप्तान’ में मेरा किरदार नियम तोड़कर काम पूरा करने में यकीन रखता है : साकिब सलीम

My character in ‘Captain’ believes in breaking rules to get the job done: Saqib Saleem

31 मार्च । अभिनेता साकिब सलीम अपनी अपकमिंग वेब सीरीज ‘कप्तान’ को लेकर उत्साहित हैं। साकिब सीरीज में पुलिस अधिकारी के रोल में नजर आएंगे। उन्होंने बताया कि उनका किरदार ‘एसएसपी समरदीप’ नियमों को अक्सर ताक पर रखकर काम पूरा करने में विश्वास रखता है।

‘कप्तान’ एक दमदार क्राइम थ्रिलर सीरीज है, जो ज्वालाबाद शहर के तनावपूर्ण माहौल पर आधारित है। कहानी संगठित अपराध, नकली सामान के बड़े नेटवर्क, गिरोहों और बढ़ते इलाकाई झगड़ों पर आधारित है। सीरीज में अपराध का बढ़ता प्रभाव देखने को मिलेगा।

साकिब ने अपने किरदार के बारे में बात करते हुए कहा, “कप्तान ने मुझे एक भावनात्मक रूप से बहुत जटिल और उलझी हुई दुनिया को समझने का मौका दिया। एसएसपी समरदीप का किरदार निभाना चुनौतीपूर्ण था क्योंकि वह एक ऐसा पुलिस अधिकारी है जो हमेशा नियमों के हिसाब से नहीं चलता। वह अपने अतीत के बोझ और वर्तमान को संभालने की कोशिश में लगा रहता है। यह किरदार मेरे लिए बहुत गहरा और संतोषजनक रहा।”

सीरीज में साकिब सलीम के साथ सिद्धार्थ निगम, कविता कौशिक, वरुण बडोला, अंजुम शर्मा, आरिफ जकारिया, पूजा गौर, विक्रम कोचर और अनुष्का कौशिक जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।

सिद्धार्थ निगम ने अपने किरदार कबीर के बारे में कहा, “कबीर पूरी जोश के साथ कहानी में एंट्री करता है। वह गुस्से से भरा और अंदर से टूटा हुआ है, लेकिन अपने मकसद के लिए पूरी तरह समर्पित है। उसका सफर जितना आगे बढ़ता है, उतना ही निजी होता जाता है।”

कविता कौशिक ने बताया, “पुलिस अधिकारी का किरदार पहले भी निभाया है, लेकिन ‘कप्तान’ में नया नजरिया और ऊर्जा लेकर आई हूं। मेरे लिए यह कई रोमांचक अनुभव से भरा रहा।”

जतिन वागले निर्देशित और पम्मी बावेजा और हरमन बावेजा के ‘बावेजा स्टूडियोज’ के बैनर तले बनी यह सीरीज 3 अप्रैल को अमेजन एमएक्स प्लेयर पर रिलीज होने वाली है। सीरीज का ट्रेलर पहले ही जारी हो चुका है, जिसमें दर्शकों को एक रोमांचक क्राइम स्टोरी की झलक देखने को मिली।

Leave feedback about this

  • Service