June 25, 2026
Entertainment

‘माता-पिता शुरू में सपोर्ट नहीं करते थे’, राजीव खंडेलवाल ने एक्टिंग करियर की शुरुआती मुश्किलें की याद

‘My parents didn’t support me initially’ – Rajeev Khandelwal recalls the early struggles of his acting career.

अभिनेता राजीव खंडेलवाल ने अपने करियर के शुरुआती दिनों को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया। रियलिटी शो ‘तुम हो ना- घर की सुपरस्टार’ के एक एपिसोड में उन्होंने बताया कि जब उन्होंने एक्टिंग को अपना करियर बनाने का फैसला किया था, तब उनके माता-पिता इस बात से सहमत नहीं थे। लेकिन समय के साथ जब उन्होंने देखा कि उनका बेटा अपने फैसले को लेकर पूरी तरह गंभीर है, तब धीरे-धीरे उनका नजरिया बदल गया।

शो के दौरान राजीव खंडेलवाल ने अपनी जिंदगी का निजी अनुभव साझा करते हुए कहा, ”जब मैंने एक्टर बनने का सपना देखा था, तो शुरुआत में घर से मुझे कोई सपोर्ट नहीं मिला था। मेरे मम्मी-पापा चाहते थे कि मैं कोई सुरक्षित करियर चुनूं। लेकिन मैंने अपने एक्टिंग के पैशन को नहीं छोड़ा और लगातार मेहनत करता रहा। समय के साथ पापा को यह समझ आने लगा कि मैं इसके लिए सीरियस हूं।”

राजीव ने कहा, ”पापा को बाद में एहसास हुआ कि अगर शुरुआत में रोकने की कोशिश नहीं की गई होती, तो मेरे करियर के 4-5 साल बर्बाद न होते। इस बात का उन्हें काफी अफसोस हुआ, लेकिन बाद में पूरे परिवार ने मेरा समर्थन किया।” इसी एपिसोड में कंटेस्टेंट प्रिया ने भी अपनी प्रेरणादायक कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि वह शुरू से ही बैकग्राउंड डांसर बनना चाहती थीं, लेकिन उनके पिता इस फैसले के खिलाफ थे। परिवार की असहमति के बावजूद वह अपने सपने को पूरा करने में लगी रही।

शो में मौजूद प्रिया की मां ने गर्व के साथ बताया कि उनकी बेटी ने बॉलीवुड के कई बड़े सितारों के साथ काम किया है। उन्होंने बताया कि प्रिया ने माधुरी दीक्षित के साथ ‘घाघरा’, करीना कपूर के साथ ‘फेविकोल से’ और दीपिका पादुकोण के साथ ‘दीवानी मस्तानी’ जैसे गानों में बतौर डांसर काम किया है।

इसके बाद राजीव खंडेलवाल ने प्रिया के पिता से बातचीत की और उनसे पूछा कि क्या अब उनका नजरिया बदल गया है। इस पर उन्होंने कहा कि हर माता-पिता से कभी-कभी गलती हो जाती है। समय के साथ मुझे समझ आया कि मेरी बेटी का सपना गलत नहीं था और अब मैं पूरी तरह बेटी का समर्थन करता हूं।

Leave feedback about this

  • Service