कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को फिल्म अभिनेत्री नंदिता दास और मशहूर अभिनेत्री शबाना आजमी का समर्थन मिला है। सोमवार को नंदिता दास ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा कि वह देश के उन लोगों के साथ खड़ी हैं जो लोकतंत्र में विश्वास करते हैं।
उन्होंने लिखा, “मैं उन सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़ी हूं जो मानते हैं कि लोकतंत्र तब मजबूत होता है जब लोग इकट्ठा हो सकें, बोल सकें, सुन सकें और उनकी बात सुनी जा सके। रचनात्मक असहमति ही लोकतंत्र को जीवित रखती है। उन सभी लोगों के साथ एकजुटता में जो आज दिल्ली में उस भारत के लिए शांतिपूर्ण मार्च कर रहे हैं जिसमें हम विश्वास करते हैं।”
शबाना आजमी ने विरोध स्थल से एक तस्वीर शेयर की जिसमें वह एक ट्रक पर दिख रही हैं और बैकग्राउंड में एक्टर प्रकाश राज हैं। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “ट्रक में हैं। सरकार ने आखिरकार बातचीत करने के लिए कहा है। यह शैक्षिक सुधारों के लिए जंतर-मंतर पर एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन है।”
उन्होंने एक वीडियो भी अपलोड किया जिसमें वह प्रदर्शनकारियों के बीच दिख रही हैं और अपना समर्थन जता रही हैं।उन्होंने कैप्शन में लिखा, “उन सभी साथियों को सलाम जो यहां इतना कुछ सहने के बाद भी एकजुट हुए हैं।” विरोध प्रदर्शन तब और तेज हो गए, जब 18 जुलाई की सुबह दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर पर विरोध स्थल से जबरन हटा दिया।
अधिकारियों ने उनकी बिगड़ती सेहत, चिकित्सीय सलाह और दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।सोनम वांगचुक प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर थे।
सिर्फ नंदिता दास और अभिनेत्री शबाना आजमी ही नहीं, बल्कि सीजेपी के प्रदर्शन को अन्य फिल्मी सितारों का भी समर्थन मिला है। सोनम वांगचुक के समर्थन में हाल ही में अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने भी वीडियो पोस्ट कर अपनी राय रखी थी।


Leave feedback about this