5 जून । उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री के तौर पर 12 साल पूरे होने पर दावा किया कि 2029 में भी नरेंद्र मोदी एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
महराजगंज में विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में यूपी भाजपा चीफ ने पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने इस दौरान जनता से अपील की है कि वे पीएम मोदी के एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़े और अधिक से अधिक पौधारोपण करें।
उन्होंने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक अवसर नहीं बल्कि प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों को याद करने का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में पर्यावरण सुरक्षा और स्वस्थ ऊर्जा पर हरित विकास के क्षेत्र में दुनिया के सामने एक मिसाल रखने का काम किया है। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 से जो काम शुरू किया है। उसी का नतीजा है कि आज भारत सौर ऊर्जा के क्षेत्र में पूरे विश्व में दूसरे स्थान पर पहुंचने का काम किया है।
पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम लगाने की अपील की है। इसको लेकर भाजपा के सभी कार्यकर्ता एक पेड़ लगाकर उसे सुरक्षित करने का काम करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 साल का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं हिंदुस्तान के इतिहास में सबसे लंबे सिटिंग प्रधानमंत्री के रूप में काम करेंगे। पिछली 12 साल में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने जो काम किया है, उसको लेकर वह जनता के पास जाएंगे।
बात करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद जिन भी राज्यों में चुनाव हुए हैं, चाहे वह हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, बिहार, या बंगाल हो, अगर आप सभी नतीजों को देखें, तो पीएम नरेंद्र मोदी ही सबसे लोकप्रिय नेता हैं। प्रधानमंत्री के कामों के आधार पर मैं कह सकता हूं कि 2029 में भी पीएम नरेंद्र मोदी एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। वह प्रधानमंत्री के तौर पर सबसे ज्यादा लंबे समय तक पीएम बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम करने जा रहे हैं।
उन्होंने इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दी।
दूसरी ओर कानपुर में उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद ने वन विभाग की ओर से विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील भी की।
पीएम मोदी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हम लोगों का सौभाग्य है और वह हमारे अभिभावक हैं, पूरे विश्व में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को एक अलग पहचान दिलाई है। प्रधानमंत्री मोदी ने हम लोगों को एक वैश्विक पहचान दिलाई, चाहे जो भी क्षेत्र हो, आत्मनिर्भर भारत, रक्षा क्षेत्र, और अर्थव्यवस्था के मामले में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को मजबूत करने का काम किया है।

