May 11, 2026
National

नासिक टीसीएस केस: अदालत ने आरोपी निदा खान को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

Nashik TCS case: Court sends accused Nida Khan to 14-day judicial custody

11 मई । नासिक स्थित टीसीएस कार्यालय से जुड़े कथित धर्मांतरण और उत्पीड़न मामले की आरोपी निदा खान को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस मामले में महाराष्ट्र पुलिस ने निदा खान को गिरफ्तार किया था। पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने सोमवार को निदा खान को नासिक रोड कोर्ट में पेश किया, जहां सुनवाई के बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

अदालत के आदेश के बाद पुलिस निदा खान को नासिक रोड सेंट्रल जेल के लिए रवाना हो गई। इस मामले की जांच नासिक पुलिस कर रही है। इससे पहले वह पुलिस रिमांड में थी, जहां उससे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर पूछताछ की गई।

बता दें कि निदा खान को 7 मई को छत्रपति संभाजीनगर के नरेगांव क्षेत्र स्थित कैसर कॉलोनी के एक आवासीय अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से अपने माता-पिता, भाई, और मौसी के साथ वहां रह रही थीं। पुलिस टीमें करीब दो दिनों से उस स्थान पर नजर रख रही थीं, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

यह गिरफ्तारी नासिक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी), छत्रपति संभाजीनगर पुलिस कमिश्नरेट और क्राइम ब्रांच द्वारा संयुक्त रूप से की गई। जांच अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में एक विशेष टीम गठित की गई थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर निदा खान का पता लगाया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें ट्रांजिट रिमांड के लिए स्थानीय जेएमएफसी अदालत में पेश किया गया। बाद में आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें नासिक ले जाया गया।

एसआईटी ने अपने बयान में पुष्टि की कि निदा खान देवलाली कैंप पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले में वांछित थीं। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी बीएनएसएस के प्रावधानों के तहत की गई।

Leave feedback about this

  • Service