N1Live National राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस: सुरक्षित कल, विकसित भारत की मजबूत नींव
National

राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस: सुरक्षित कल, विकसित भारत की मजबूत नींव

National Safety Day: A safe tomorrow, a strong foundation for a developed India

3 मार्च । देशभर में 4 मार्च को राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस मनाया जाता है। यह दिन केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि सुरक्षित और स्वस्थ भारत के निर्माण का संकल्प है। कार्यस्थल हो या सड़क, घर हो या डिजिटल दुनिया, सुरक्षा हर क्षेत्र में हमारी पहली जिम्मेदारी है।

इस दिवस का विशेष महत्व इसलिए भी है क्योंकि 4 मार्च 1966 को राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एनएससी) की स्थापना हुई थी। परिषद की स्थापना के उपलक्ष्य में 1972 से 4 मार्च को राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस मनाया जाने लगा। तब से यह अभियान एक दिन तक सीमित न रहकर पूरे सप्ताह राष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह के रूप में मनाया जाता है, जिसमें विभिन्न संस्थान, उद्योग और संगठन सुरक्षा जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित करते हैं।

1971 से शुरू हुआ राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस/सप्ताह अभियान आज देश के औद्योगिक, शैक्षणिक, और सामाजिक क्षेत्रों में सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने का प्रमुख माध्यम बन चुका है। यह अभियान व्यापक, लचीला, और सहभागी है। परिषद संगठनों से अपेक्षा करती है कि वे अपनी आवश्यकताओं के अनुसार सुरक्षा गतिविधियां विकसित करें, जैसे प्रशिक्षण, सेमिनार, मॉक ड्रिल, पोस्टर प्रतियोगिता, जागरूकता रैली, आदि।

राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस के प्रमुख उद्देश्यों का मूल लक्ष्य देश में सुरक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण की संस्कृति को मजबूत बनाना है। इसके तहत सुरक्षा आंदोलन को देश के हर कोने तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है, ताकि केवल बड़े उद्योग ही नहीं बल्कि छोटे संस्थान और असंगठित क्षेत्र भी इससे जुड़ सकें। औद्योगिक क्षेत्रों में सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर सहभागितापूर्ण दृष्टिकोण विकसित किया जाता है। यह अभियान उन क्षेत्रों को भी सुरक्षा दायरे में लाने पर जोर देता है जो अब तक वैधानिक रूप से शामिल नहीं थे। अंततः इसका उद्देश्य सभी संबंधित पक्षों को सुरक्षित कार्यस्थल बनाने, उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराना और सुरक्षा को कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाना है।

सुरक्षा कोई बड़ी या जटिल प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन की छोटी-छोटी सावधानियों और आदतों से शुरू होती है। सड़क पर चलते समय या बाइक या स्कूटर चलाते हुए हेलमेट पहनना, कार में सीटबेल्ट लगाना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करना और यातायात नियमों का पालन करना हमारी और दूसरों की जान बचा सकता है। कार्यस्थल पर मशीनों या उपकरणों के साथ काम करते समय सेफ्टी ग्लव्स और हेलमेट पहनना, धूल या प्रदूषण से बचने के लिए मास्क का उपयोग करना और सभी सुरक्षा निर्देशों और प्रशिक्षण का पालन करना बेहद आवश्यक है।

इसके अलावा, डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। मजबूत पासवर्ड का उपयोग करना, एंटीवायरस इंस्टॉल रखना और अपनी निजी जानकारी अनजान लोगों से साझा न करना हमें ऑनलाइन खतरों से बचाता है।

राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस हमें यह संदेश देता है कि सुरक्षा केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। जब हम स्वयं सजग रहेंगे और दूसरों को भी जागरूक करेंगे, तभी एक सुरक्षित, स्वस्थ और विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा।

Exit mobile version