November 18, 2026
Entertainment

नवाब शाह ने संजय दत्त को बताया अपना आइडल, कहा- हमेशा उनका फैन रहूंगा

अभिनेता नवाब शाह और संजय दत्त ने ऐतिहासिक युद्ध ड्रामा फिल्म ‘पानीपत’ में एक साथ स्क्रीन शेयर किया था। मंगलवार को नवाब शाह ने संजय दत्त को अपना आइडल बताते हुए कहा कि वो उन एक्टर्स में से एक हैं, जिनके वो बचपन से फैन रहे हैं।

अभिनेता नवाब शाह ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर शूटिंग की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें दोनों अपने किरदार में नजर आ रहे हैं। नवाब शाह ने लिखा, “बाबा संजय दत्त।”

उन्होंने आगे लिखा, “कुछ पल आपको सीधे बचपन में ले जाते हैं। बचपन से ही मैं संजय दत्त का फैन रहा हूं और पानीपत के सेट पर उनसे मिलना सच में बहुत खास था। वो उन गिने-चुने पलों में से एक हैं, जब आपको उस इंसान से मिलने का मौका मिलता है, जिसे आपने सालों से अपना आइडल माना हो। हमेशा फैन रहूंगा।”

इस फिल्म में संजय दत्त ने मुख्य खलनायक अहमद शाह अब्दाली (अफगानिस्तान के शासक) की भूमिका निभाई है, जो मराठों के खिलाफ युद्ध लड़ने भारत आया था जबकि नवाब शाह ने इब्राहिम खान गार्दी का किरदार निभाया है, जो मराठा सेना के तोपखाने के प्रमुख और सदाशिवराव भाऊ के भरोसेमंद कमांडर थे।

साल 2019 में रिलीज हुई निर्देशक आशुतोष गोवारिकर की फिल्म 1761 को मराठा साम्राज्य और अफगान शासक अहमद शाह अब्दाली की सेना के बीच लड़े गए ‘पानीपत के तीसरे युद्ध’ की ऐतिहासिक घटना पर आधारित है।

फिल्म में अर्जुन कपूर (सदाशिवराव भाऊ), संजय दत्त (अहमद शाह अब्दाली) और कृति सेनन (पार्वती बाई) की अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। मोहनीश बहल, पद्मिनी कोल्हापुरे, जीनत अमान और कुणाल कपूर जैसे कलाकारों ने सहायक भूमिका में नजर आए थे।

फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे मराठा सेनापति सदाशिवराव भाऊ (अर्जुन कपूर) अपने सैनिकों और मराठा साम्राज्य की रक्षा के लिए अफगानिस्तान के क्रूर आक्रमणकारी अहमद शाह अब्दाली (संजय दत्त) की विशाल सेना का डटकर मुकाबला करते हैं। इसमें युद्ध की रणनीतियों के साथ-साथ सदाशिवराव भाऊ और उनकी पत्नी पार्वती बाई (कृति सेनन) के रिश्तों और उस समय की राजनीतिक परिस्थितियों को भी दर्शाया गया है।

Leave feedback about this

  • Service