N1Live National एनडीए की बैठक में तय होगा बिहार में नई सरकार के गठन का फॉर्मूला : विजय चौधरी
National

एनडीए की बैठक में तय होगा बिहार में नई सरकार के गठन का फॉर्मूला : विजय चौधरी

NDA meeting will decide formula for formation of new government in Bihar: Vijay Chaudhary

8 अप्रैल । बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में निर्वाचित होने और विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिए जाने के बाद से ही प्रदेश में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर भी चर्चा का बाजार गर्म है।

इस बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले प्रदेश के मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को साफ कर दिया कि एनडीए की बैठक में नई सरकार के गठन को लेकर फॉर्मूला तय होगा।

मंत्री विजय चौधरी ने बुधवार को मीडिया से बातचीत में नीतीश कुमार के राज्यसभा की सदस्यता ग्रहण करने से लेकर मुख्यमंत्री पद की रेस में लोगों के नाम तक की चर्चा की। उन्होंने बताया कि राज्यसभा सदस्य के लिए मुख्यमंत्री निर्वाचित हुए हैं तो स्वाभाविक है कि सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री गुरुवार को दिल्ली जाएंगे और शुक्रवार को राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे।

सरकार गठन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, “जब नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे, तो तब एनडीए में शामिल सभी दल के नेता बैठेंगे और आपस में बातचीत कर निर्णय होगा। इसके बाद सरकार का गठन होगा। यह एक सीधी प्रक्रिया है।”

मुख्यमंत्री पद की रेस को लेकर उन्होंने मजाकिया अंदाज में पत्रकारों से कहा, ” जिनको-जिनको आप लोग रेस में लगा देते हैं, वे सभी मुख्यमंत्रियों की रेस में हैं।”

दरअसल, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के सदस्य के रूप में निर्वाचित होने के बाद उनके मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की चर्चा है। उस बीच, नई सरकार में इस बार भाजपा का मुख्यमंत्री बनने जबकि जदयू के कोटे में उपमुख्यमंत्री पद के जाने को लेकर चर्चा है। अगर ऐसा हुआ, तो बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बनेगा।

Exit mobile version