July 8, 2026
Entertainment

नीतू सिंह बर्थडे स्पेशल: चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में रखा कदम, फिर बॉलीवुड की प्रमुख अभिनेत्रियों में एक बनीं

Neetu Singh Birthday Special: Started as a child artist, then became one of Bollywood’s leading actresses.

बॉलीवुड ने हर दशक में एक से बढ़कर एक दिग्गज अभिनेत्री पाई है, जिन्होंने अपनी शानदार अभिनय, बेमिसाल खूबसूरती और लाजवाब डांस मूव्स से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को ऊंचाइयों तक पहुंचाने और लाखों दर्शकों के दिलों पर राज करने में अहम भूमिका निभाई। उन्हीं हिंदी चलचित्र अभिनेत्रियों में एक नीतू सिंह हैं, जो अब नीतू कपूर के नाम से जानी जाती हैं।

बॉलीवुड की 1960 और 1970 के दशक की प्रमुख अभिनेत्रियों में एक, नीतू सिंह का जन्म 8 जुलाई 1958 को नई दिल्ली में एक पंजाबी जाट सिख परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम दर्शन सिंह और मां का नाम राजी कौर था। हालांकि, बेहद कम उम्र में पिता के निधन के बाद नीतू परिवार के साथ मुंबई शिफ्ट हो गई और बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम करने लगी।

नीतू सिंह का असली नाम हरनीत कौर था लेकिन फिल्म में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम करने के दौरान उन्हें ‘बेबी सोनिया’ या ‘बेबी नीतू’ के स्क्रीन नाम से जाना जाने लगा। इसके बाद में फिल्मों में मुख्य अभिनेत्री के रूप में उनकी शुरुआत के साथ उन्हें ‘नीतू सिंह’ नाम दिया गया।

बाल कलाकार के रूप में नीतू ने अपनी एक्टिंग करियर की शुरुआत 1966 में आई फिल्म ‘सूरज’ से की। इसके बाद उन्होंने चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में कई और फिल्मों में काम किया, जिसमें ‘दस लाख’ और ‘दो कलियां’ शामिल हैं। बाल अभिनेत्री के रूप में उनकी ‘दो कलियां’ फिल्म सबसे लोकप्रिय रही। इसमें उनके डबल रोल को काफी पसंद किया गया और उन्हें खूब सराहना मिली।

इसके बाद नीतू ने एक मुख्य अभिनेत्री के रूप में फिल्म ‘रिक्शावाला’ से इंडस्ट्री में कदम रखा। इसके बाद अभिनेत्री ने कई फिल्मों में अपने शानदार अभिनय का परिचय दिया, जिसमें ‘कभी-कभी’, ‘यादों की बारात’, ‘दीवार’, ‘खेल खेल में’, ‘काला पत्थर’, ‘अमर अकबर एंथनी’, ‘रफू चक्कर’, ‘दूसरा आदमी’, आदि फिल्में शामिल हैं। इन फिल्मों के बदौलत वह 70 के दशक की सबसे लोकप्रिय और सफल अभिनेत्रियों में से एक बन गईं।

अभिनेत्री ने 22 जनवरी 1980 को बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋषि कपूर से शादी की। इसके बाद उन्होंने अपने जीवन के नए अध्याय और परिवार पर ध्यान देने के लिए फिल्मों से लंबे समय का ब्रेक लिया। अभिनेत्री ने शादी के 26 वर्ष बाद एक बार फिर पर्दे पर ‘लव आज कल’ फिल्म से शानदार वापसी की और ‘दो दूनी चार,’ ‘जब तक है जान,’ ‘जुग जुग जियो,’ और ‘बेशरम’ जैसी फिल्मों में नजर आईं।

दर्शकों को पर्दें पर नीतू कपूर और ऋषि कपूर की जोड़ी काफी पसंद आती थी। नीतू सिंह ने अपने प्रेमी और फिर पति ऋषि कपूर के साथ लगभग 12 फिल्मों में एक साथ काम किया, जिसमें ‘खेल खेल में’, ‘रफू चक्कर’, ‘कभी कभी’, ‘अमर अकबर एंथोनी’, ‘दूसरा आदमी’, ‘दुनिया मेरी जेब में’, ‘जहरीला इंसान’, ‘पति पत्नी और वो’, ‘जिंदा दिल’, ‘अनजाने में’, ‘झूठा कहीं का’ और ‘धन दौलत’ शामिल हैं।

नीतू सिंह ने अपने पूरे करियर में लगभग 80 से अधिक फिल्मों में काम किया है। उनके दो बच्चे हैं, अभिनेता रणबीर कपूर और रिद्धिमा कपूर। बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी एक फैशन और ज्वैलरी डिजाइनर हैं। वहीं, बेटा रणबीर कपूर बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता हैं। रिद्धिमा के पति का नाम भरत साहनी है, जो कि एक बिजनेसमैन हैं और दोनों की एक बेटी समारा है। वहीं, रणबीर ने अभिनेत्री आलिया भट्ट से शादी की है और उनकी भी एक बेटी राहा है।

Leave feedback about this

  • Service