June 6, 2026
Entertainment

जिस शो से हुई बाहर, उसी की जज बनीं नेहा कक्कड़, जानें सफलता की पूरी कहानी

Neha Kakkar became a judge on the same show from which she was eliminated, learn the full story of her success.

बॉलीवुड की लोकप्रिय गायिका नेहा कक्कड़ आज देश की सबसे चर्चित सिंगर्स में गिनी जाती हैं, लेकिन एक समय ऐसा भी था, जब उन्हें पहचान बनाने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा। उनकी जिंदगी का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि जिस रियलिटी शो में वह एक कंटेस्टेंट के रूप में हिस्सा लेकर बाहर हो गई थीं, बाद में उसी शो में जज की कुर्सी तक पहुंचीं।

नेहा कक्कड़ का जन्म 6 जून 1988 को उत्तराखंड के ऋषिकेश में हुआ था। उनका बचपन आर्थिक तंगी में बीता। उनका परिवार एक छोटे से किराए के घर में रहता था। संगीत से जुड़े माहौल में पली-बढ़ीं नेहा को बचपन से ही गाने का शौक था। उनकी बड़ी बहन सोनू कक्कड़ और भाई टोनी कक्कड़ भी संगीत से जुड़े रहे हैं।

महज चार साल की उम्र में नेहा ने धार्मिक आयोजनों और जागरणों में गाना शुरू कर दिया था। छोटी उम्र में ही वह परिवार के साथ मंच पर भजन गाती थीं। धीरे-धीरे उनका आत्मविश्वास बढ़ता गया और उन्होंने गायकी को ही अपना भविष्य बनाने का फैसला किया। बेहतर अवसरों की तलाश में परिवार दिल्ली आया और बाद में नेहा अपने भाई टोनी कक्कड़ के साथ मुंबई पहुंच गईं। यहां उन्हें कई बार निराशा का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

साल 2005 में नेहा ने ‘इंडियन आइडल’ में हिस्सा लिया, लेकिन वह आगे नहीं बढ़ सकीं और शुरुआती दौर में ही बाहर हो गईं। उस समय शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यही लड़की एक दिन उसी मंच पर जज बनकर बैठेगी।

शो से बाहर होने के बाद नेहा ने छोटे-बड़े कई प्रोजेक्ट्स में काम किया। साल 2008 में उनका पहला म्यूजिक एल्बम ‘नेहा द रॉकस्टार’ रिलीज हुआ। इसी दौरान उन्होंने फिल्म ‘मीराबाई नॉट आउट’ में कोरस सिंगिंग की। इसके बाद उन्हें कई फिल्मों और म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में काम मिलने लगा। फिल्म ‘कॉकटेल’ का गाना ‘सेकंड हैंड जवानी’ उनके करियर का बड़ा मोड़ साबित हुआ। इस गाने ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई।

इसके बाद सफलता का सिलसिला लगातार आगे बढ़ता गया। ‘लंदन ठुमकदा’, ‘सनी सनी’, ‘काला चश्मा’, ‘दिलबर’ और ‘आंख मारे’ जैसे गानों ने उन्हें बॉलीवुड की सबसे लोकप्रिय आवाजों में शामिल कर दिया। उनकी गायकी को देश ही नहीं, विदेशों में भी पसंद किया जाने लगा। सोशल मीडिया और यूट्यूब पर भी उनकी बड़ी फैन फॉलोइंग बनी।

नेहा को उसी ‘इंडियन आइडल’ में जज बनने का मौका मिला, जहां कभी वह कंटेस्टेंट के रूप में बाहर हो गई थीं। उन्होंने कई सीजन में जज की भूमिका निभाई और नए प्रतिभाशाली गायकों को मार्गदर्शन दिया। निजी जीवन की बात करें तो नेहा ने साल 2020 में पंजाबी गायक रोहन प्रीत सिंह से शादी की। दोनों की जोड़ी को उनके फैंस काफी पसंद करते हैं। आज भी नेहा म्यूजिक की दुनिया में एक्टिव हैं।

Leave feedback about this

  • Service