October 5, 2024
National

नेहरू ने रखी आधुनिक भारत की नींव : सिद्दारमैया

बेंगलुरु, 15 नवंबर । पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की 134वीं जयंती पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने कहा कि प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने आधुनिक भारत के निर्माण की आधारशिला रखी थी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “उनकी दूरदर्शिता का फल तत्कालीन और वर्तमान पीढ़ी को महसूस हो रहा है। अगली पीढ़ी को भी इसका लाभ मिलेगा।”

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की 134वीं जयंती पर विधान सौध में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र, समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता नेहरू के जीवन मूल्य थे।

मुख्यमंत्री ने कहा, उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में भारत में इन मूल्यों को स्थापित करने का प्रयास किया। इन मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना ही हम नेहरू को सार्थक श्रद्धांजलि दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि बच्चों के प्रति उनके प्रेम के कारण ही वह देश के बच्चों के लिए चाचा नेहरू बने।

मुख्यमंत्री बोले, “स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उन्हें नौ साल तक जेल में रहना पड़ा और प्रधानमंत्री के रूप में नेहरू विपक्ष की बात को धैर्यपूर्वक सुनते थे। उनका व्यक्तित्व गरिमामय था जो विपक्षी दल की बातों का सम्मान करते थे।”

उन्होंने कहा कि नेहरू ने योजना आयोग की स्थापना की और पंचवर्षीय योजना भी लागू की। नेहरू ने अपने जीवन के अंतिम क्षण तक लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और समाजवाद के मूल्यों के प्रसार के लिए कड़ी मेहनत की।

इस अवसर पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके. शिवकुमार और मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव गोविंदराजू उपस्थित थे।

Leave feedback about this

  • Service