April 28, 2026
Entertainment

‘गवर्नर : द साइलेंट सेवियर’ के नए पोस्टर जारी, देश को आर्थिक संकट से बचाने की कहानी ने बढ़ाई उत्सुकता

New posters for ‘Governor: The Silent Savior’ released, sparking curiosity with the story of saving the country from economic crisis.

27 अप्रैल । राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता मनोज बाजपेयी हमेशा अपने दमदार और गंभीर किरदारों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई ऐसी फिल्में की हैं, जिनमें उनके अभिनय ने दर्शकों को गहराई से प्रभावित किया। अब एक बार फिर वह एक अलग और चुनौतीपूर्ण कहानी के साथ बड़े पर्दे पर लौटने जा रहे हैं।

उनकी आने वाली फिल्म ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ इन दिनों काफी चर्चा में है। इस बीच, इस फिल्म के नए पोस्टर जारी किए गए हैं, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता और बढ़ा दी है।

सोमवार को मनोज बाजपेयी ने इंस्टाग्राम पर फिल्म की टीम के साथ मिलकर नए पोस्टर जारी किए। जारी किए गए पोस्टर्स में मनोज बाजपेयी के चेहरे पर चिंता, संघर्ष और दृढ़ निश्चय जैसे एक्सप्रेशन्स साफ नजर आ रहे हैं। वहीं, अभिनेत्री अदा शर्मा भी पोस्टर में दिखाई दे रही हैं।

अलग-अलग पोस्टरों में कई दमदार टैगलाइन लिखी गई हैं, जो फिल्म की कहानी को और रहस्यमय बनाती हैं। इनमें ‘अब बारी मेरी है’, ‘मैं भारत को असफल नहीं होने दूंगा’ और ‘भारत आर्थिक संकट के किनारे पर था, उसने पहले ही खतरे को पहचान लिया था’ जैसी टैगलाइन शामिल हैं। इन सभी से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म में देश के सामने आए किसी बड़े आर्थिक संकट और उससे लड़ने की कहानी दिखाई जाएगी।

इस पोस्ट के साथ मनोज बाजपेयी ने कैप्शन में लिखा, ”यह एक ऐसी लड़ाई थी, जिसमें कोई सेना नहीं थी, लेकिन एक आदमी ऐसा था, जिसने देश को गिरने से बचाने का फैसला किया। फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।”

फिल्म की कहानी की बात करें तो बताया जा रहा है कि यह कहानी एक ऐसे पूर्व गवर्नर से प्रेरित है, जिनका हाल ही में निधन हुआ था। खबरों के अनुसार, फिल्म भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर एस. वेंकटरमणन से प्रेरित हो सकती है। वह साल 1991 में भारत के आर्थिक संकट के दौरान रिजर्व बैंक के गवर्नर थे। उस समय देश गंभीर आर्थिक मुश्किलों से गुजर रहा था और कहा जाता है कि उस संकट से देश को बाहर निकालने में उनकी अहम भूमिका रही थी।

हालांकि, फिल्म निर्माताओं ने अभी तक आधिकारिक रूप से इस बात की पुष्टि नहीं की है। ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave feedback about this

  • Service