March 24, 2026
Entertainment

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिले निरहुआ, इंस्टाग्राम पर बताया मुलाकात का अनुभव

Nirhua met Lok Sabha Speaker Om Birla and shared his experience on Instagram.

24 मार्च । भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ लोगों के बीच चर्चा में बने रहते हैं। वह फिल्मों के साथ-साथ राजनीति से भी जुड़े रहते हैं, वहीं फैंस के साथ जुड़े रहने के लिए सोशल मीडिया का खूब इस्तेमाल करते हैं। इसी कड़ी में उन्होंने मंगलवार को एक खास तस्वीर साझा की, जिसमें वह देश के एक बड़े संवैधानिक पद पर बैठे नेता के साथ नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट ने लोगों का खासा ध्यान खींचा है।

दरअसल, दिनेश लाल यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के साथ एक तस्वीर साझा की। इस तस्वीर में दोनों एक साथ खड़े नजर आ रहे हैं और कैमरे के लिए पोज दे रहे हैं। पोस्ट के साथ निरहुआ ने अपने भाव भी व्यक्त किए।

उन्होंने लिखा, ”मुझे आदरणीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का आशीर्वाद और सानिध्य प्राप्त हुआ।” उनके इस पोस्ट को फैंस ने खूब पसंद किया और जमकर कमेंट्स भी किए।

एक फैन ने लिखा, ‘निरहुआ भैया, आप पर गर्व है, आपने भोजपुरी का नाम रोशन कर दिया,’ तो वहीं दूसरे फैन ने लिखा, ‘ओम बिरला जी के साथ आपकी फोटो बहुत शानदार है।’

अगर दिनेश लाल यादव के करियर पर नजर डालें, तो उन्होंने एक छोटे से गांव से निकलकर भोजपुरी सिनेमा में अपनी खास पहचान बनाई है। शुरुआत उन्होंने एक गायक के रूप में की थी, जहां उनके गाने लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुए। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में कदम रखा और ‘निरहुआ रिक्शेवाला’ फिल्म की, जिसने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया। इसके बाद उन्होंने कई सफल फिल्मों में काम किया और भोजपुरी इंडस्ट्री के सबसे बड़े सितारों में गिने जाने लगे।

निरहुआ की लोकप्रियता सिर्फ फिल्मों तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि उन्होंने राजनीति में भी कदम रखा। उन्होंने 2019 में उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ सीट से अपना पहला लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन वह जीत हासिल नहीं कर पाए। हालांकि 2022 के उपचुनाव में निरहुआ को इसी सीट से जीत मिली थी। इसके अलावा, उन्होंने 2024 में भी चुनाव लड़ा, लेकिन सपा के धर्मेंद्र यादव ने उन्हें काफी वोटों से हराया।

Leave feedback about this

  • Service