May 9, 2026
National

नोएडा: टूर पैकेज के नाम पर करोड़ों की ठगी, रेंजर्स क्लब कंपनी के 3 डायरेक्टर गिरफ्तार

Noida: Crores of rupees defrauded in the name of tour package, 3 directors of Rangers Club company arrested

9 मई । नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस ने टूर पैकेज बुक कराने के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा करते हुए रेंजर्स क्लब नामक कंपनी के तीन डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फर्जी पर्यटन मंत्रालय के आई कार्ड, नकली विजिटिंग कार्ड, फर्जी मोहरें, कूटरचित समझौता ज्ञापन (एमओयू) दस्तावेज, मोबाइल फोन, एक लग्जरी कार और नगदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 8 मई 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-32 स्थित एक मॉल के पास की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान खान, अभय कुमार और शैलेंद्र सिंह के रूप में हुई है। तीनों आरोपी रेंजर्स क्लब कंपनी के डायरेक्टर बताए जा रहे हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आकर्षक टूर पैकेज का लालच देकर लोगों से मोटी रकम वसूलते थे, लेकिन बाद में ग्राहकों को वादा की गई सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराते थे। आरोपियों ने यह भी कबूला कि उन्होंने कई लोगों को अपना शिकार बनाया और धोखाधड़ी के जरिए करोड़ों रुपये कमाए।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को विश्वसनीय दिखाने के लिए पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे। इन दस्तावेजों और फर्जी आई कार्डों को ग्राहकों को दिखाकर उन्हें प्रभावित किया जाता था ताकि वे आसानी से टूर पैकेज खरीद लें।

गिरफ्तार आरोपियों में इमरान खान दिल्ली के सौरभ विहार का निवासी है, जबकि अभय कुमार वर्तमान में नोएडा सेक्टर-48 में रह रहा था। तीसरा आरोपी शैलेंद्र सिंह मूल रूप से बलिया का रहने वाला है और फिलहाल नोएडा सेक्टर-75 में रह रहा था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-24 में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

बरामद सामान में 3 फर्जी पर्यटन मंत्रालय के आईकार्ड, 180 फर्जी विजिटिंग कार्ड, 14 नकली मोहरें, 15 फर्जी एमओयू दस्तावेज, 3 मोबाइल फोन, एक क्रेटा कार और 7100 रुपए शामिल हैं। नोएडा पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस गिरोह ने देश के कई राज्यों में लोगों को अपना शिकार बनाया है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस ठगी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Leave feedback about this

  • Service