May 6, 2026
National

नोएडा: मोबाइल लूट और बाइक चोरी गैंग का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार; 10 लाख का माल बरामद

Noida: Mobile robbery and bike theft gang busted, three arrested; goods worth Rs 10 lakh recovered

6 मई । नोएडा के थाना सेक्टर-113 पुलिस ने एक बड़े वाहन चोरी और मोबाइल लूट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की 10 मोटरसाइकिल (जिसमें एक मोटरसाइकिल के कटे हुए पार्ट्स भी शामिल हैं) और लूटे/चोरी किए गए 4 स्मार्टफोन बरामद किए हैं।

बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, 6 मई को ग्राम पर्थला, नोएडा क्षेत्र से अभियुक्त राहुल उर्फ शेरा, सनी कुमार और वासु कैरवार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि ये तीनों मिलकर एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे और भीड़भाड़ वाले स्थानों को अपना निशाना बनाते थे।

गिरफ्तार अभियुक्त पहले मॉल, सब्जी मंडी, और सर्राफा बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल जाकर रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर पार्किंग में खड़ी मोटरसाइकिलों का लॉक तोड़कर उन्हें चोरी कर लेते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल ये लोग राह चलते लोगों से मोबाइल फोन लूटने और छिनैती करने में करते थे। वारदात के बाद ये मोटरसाइकिलों को काटकर उनके पार्ट्स अलग-अलग बेच देते थे, जिससे पुलिस के लिए उन्हें ट्रेस करना मुश्किल हो जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों में राहुल उर्फ शेरा (21 वर्ष), सनी कुमार (25 वर्ष) और वासु कैरवार (19 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी अलग-अलग जगहों के निवासी हैं, लेकिन वर्तमान में नोएडा क्षेत्र में रहकर अपराध को अंजाम दे रहे थे। बरामदगी का विवरण पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 10 मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनमें उत्तर प्रदेश और दिल्ली नंबर की कई गाड़ियां शामिल हैं।

इसके अलावा एक मोटरसाइकिल के कटे हुए पार्ट्स भी बरामद हुए हैं, जो दिल्ली में दर्ज एक ई-एफआईआर से संबंधित है। साथ ही 4 अलग-अलग कंपनियों के स्मार्टफोन भी बरामद किए गए हैं, जो लूट और चोरी की घटनाओं से जुड़े हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों अभियुक्तों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वाहन चोरी, लूट और आयुध अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं।

कुछ मामले नोएडा के विभिन्न थानों में दर्ज हैं, जबकि एक मामला दिल्ली पुलिस में भी पंजीकृत है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में वाहन चोरी और मोबाइल लूट की घटनाओं पर अंकुश लगेगा। साथ ही अन्य संभावित साथियों की तलाश भी की जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service