May 15, 2026
National

नोएडा: जिला अस्पताल में युवक की संदिग्ध हालात में मौत से मचा हड़कंप, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Noida: Youth’s death in suspicious circumstances at district hospital creates stir, questions raised on security arrangements

15 मई । नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में गुरुवार रात एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना 14 मई की रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। शव अस्पताल की दूसरी मंजिल पर पड़ा मिला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार युवक दिन में इलाज के लिए जिला अस्पताल आया था। देर रात तक वह अस्पताल परिसर में ही मौजूद रहा। बताया जा रहा है कि अस्पताल में तैनात कर्मचारी जब रात में नियमित राउंड पर पहुंचे तो उन्होंने युवक को दूसरी मंजिल पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखा तो युवक की मौत हो चुकी थी। इसके बाद तत्काल अस्पताल प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई।

जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अजय राणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि युवक अस्पताल में उपचार के लिए आया था और शुरुआती जांच में किसी बाहरी चोट के निशान सामने नहीं आए हैं। हालांकि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक की पहचान तथा उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि यदि युवक लंबे समय तक अस्पताल परिसर में मौजूद था तो सुरक्षा कर्मियों और अस्पताल स्टाफ की उस पर नजर क्यों नहीं पड़ी। अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक आखिरी बार किस हालत में देखा गया था और उसकी गतिविधियां क्या थीं।

Leave feedback about this

  • Service