14 अप्रैल । शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने पद से इस्तीफा देने के बाद राज्यसभा आ जाएंगे। ऐसा करके वे राष्ट्रीय नेता की पदवी हासिल कर लेंगे। अब ऐसी स्थिति में लोगों के जेहन में यही सवाल है कि नीतीश कुमार के बाद बिहार में सीएम के पद की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाएगी?
उन्होंने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इतने दिन हो गए, लेकिन अफसोस की बात है कि अभी तक बिहार के अगले सीएम पर आम सहमति नहीं बन पाई है। खैर, इन तमाम घटनाक्रमों के बावजूद भी हम नीतीश कुमार का सम्मान करते हैं। वो राज्यसभा में आ रहे हैं। अब वो हमारे साथ बैठेंगे। निसंदेह वो एक वरिष्ठ नेता हैं। ऐसी स्थिति में हमें उनका मार्गदर्शन भी मिलेगा। हम नीतीश कुमार का स्वागत करते हैं। यह अच्छी बात है कि वो अब राज्यसभा आ रहे हैं।
इसके अलावा, उन्होंने आईपैक प्रकरण पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आप सभी लोगों को यह पता होना चाहिए कि ईडी ने जिस तरह की कार्रवाई की, वो अच्छे मन से नहीं की। पश्चिम बंगाल में सभी लोग चुनाव की तैयारियों में बिजी हैं। ऐसी स्थिति में ईडी ने भाजपा के विरोधियों पर यह कार्रवाई की है।
शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने दावा किया कि आप लोग कुछ भी कह लीजिए, कुछ भी कर लीजिए, लेकिन मैं एक साफ कर देना चाहता हूं कि पश्चिम बंगाल में जीत ममता बनर्जी की ही होगी। प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पूरी तरह से उनके अनुकूल बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि अगर इस देश में पैदा होने वाले किसी भी नागरिक को मतदान का अधिकार नहीं मिल पा रहा है, तो निश्चित तौर पर इस संबंध में सवाल किया जाना चाहिए कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है? आखिर क्यों उन्हें मतदान का अधिकार प्राप्त नहीं हो पा रहा है? इन सभी सवालों के जवाब मिलने चाहिए।
इसके अलावा, उन्होंने महाराष्ट्र में व्याप्त भ्रष्टचार को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में स्थिति ऐसी बन चुकी है कि जो प्लेग्राउंड बच्चों के खेलने के लिए हैं, वहां पर भी एकनाथ शिंदे की ओर से फाइव स्टार होटल बनाए जा रहे हैं। मेरा सीधा सा कहना है कि आईपैक पर ईडी की रेड क्यों की जा रही है। अगर ईडी की रेड करनी ही है, तो इस तरह के मामले में की जाए, तो बात भी समझ में आएगी।
उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश में यही सिलसिला जारी रहा, जिसमें बच्चों के प्लेग्राउंड पर फाइव स्टार होटल बनाए जाएंगे, तो शिवाजी पार्क भी एक ऐतिहासिक मैदान है। ऐसी स्थिति में यहां पर भी ये लोग फाइव स्टार होटल बनाने पर आमादा हो जाएंगे।
अपनी ओर से सीएम को लिखे पत्र पर भी संजय राउत ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विदर्भ में जिस तरह से खदान मालिक पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, उसी को देखते हुए मैंने यह पत्र लिखा है।


Leave feedback about this