May 22, 2026
National

ओडिशा: तूफान से तीन लोगों की मौत, सीएम माझी ने जताया दुख; आर्थिक मदद का ऐलान

Odisha: Cyclone kills three, CM Majhi expresses grief; financial aid labeled

ओडिशा के क्योंझर जिले में कालबैसाखी तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तेज आंधी और बारिश के कारण केंदुझर टाउन थाना क्षेत्र के नरनपुर इलाके में एक टेंट का ढांचा गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, हरिदागोठा गांव में भी एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर कालबैसाखी तूफान के प्रभाव से इलाके में तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। नरनपुर में एक टेंट हाउस का लोहे का सामान और अन्य सामग्री एक मकान की मचान पर रखी गई थी। उसी के नीचे चार लोग सो रहे थे। तूफान के दौरान मचान अचानक ढह गई और उसके नीचे सो रहे चारों लोग दब गए। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सदर तहसीलदार, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बचाव अभियान चलाकर मृतकों के शव बाहर निकाले गए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। वहीं घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान नरनपुर के रुगुड़ी साहि निवासी आलोक तिगिरिया, घाटगांव निवासी सागर नायक और सदांगी क्षेत्र के पेटू नायक के रूप में हुई है। घायल की पहचान नरनपुर रुगुड़ी साहि निवासी अमित नायक के रूप में हुई है।

मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।

ओडिशा मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से बताया गया कि क्योंझर जिले के सदर तहसील के नरनपुर में कालबैसाखी से जुड़े तूफान के कारण हुई जनहानि पर मुख्यमंत्री मोहन माझी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

Leave feedback about this

  • Service