July 8, 2026
National

ओडिशा: मुख्यमंत्री के खिलाफ एआई से बनाई गई आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने वाला युवक गिरफ्तार

Odisha: Youth arrested for sharing an objectionable AI-generated post against the Chief Minister.

भुवनेश्वर-कटक कमिश्नरेट पुलिस ने मंगलवार को अंगुल जिले के एक 19 वर्षीय युवक को सोशल मीडिया पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी सहित उच्च संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों के खिलाफ एआई से तैयार की गई, मॉर्फ्ड और कथित रूप से मानहानिकारक सामग्री बनाने और शेयर करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

आरोपी की पहचान मनोरंजन प्रधान के रूप में हुई है, जो अंगुल जिले के बगेड़िया थाना क्षेत्र के पटाकुमुंडा गांव का निवासी है। उसे 4 जुलाई को भुवनेश्वर साइबर क्राइम और आर्थिक अपराध थाना में दर्ज एक मामले में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 4 जुलाई को सोशल मीडिया की नियमित निगरानी के दौरान सामने आया। पुलिस अधिकारियों ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कथित रूप से आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट होते हुए पाई।

बताया गया कि इस अकाउंट से उच्च संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों को निशाना बनाते हुए एआई से तैयार या मॉर्फ्ड तस्वीरें और रील्स अपलोड तथा साझा की गई थीं। इनमें अश्लील भाषा, अभद्र इशारे और मानहानिकारक सामग्री शामिल थी।

पुलिस सूत्रों का दावा है कि मनोरंजन प्रधान इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट चला रहा था। उसने कथित तौर पर अपने सोशल मीडिया खातों पर कई वीडियो (रील्स) साझा किए, जिनमें मुख्यमंत्री और अन्य संवैधानिक पदाधिकारियों के खिलाफ अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया था और मुख्यमंत्री की तस्वीरों को डिजिटल तरीके से आपत्तिजनक रूप में प्रस्तुत किया गया था।

आरोप है कि उसने विभिन्न घटनाओं का वर्णन करने के लिए अपमानजनक टिप्पणियां, अश्लील इशारे और मानहानिकारक बातें भी कीं। यह भी आरोप है कि उसने जानबूझकर मुख्यमंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने और युवाओं को गुमराह करने के उद्देश्य से इस सामग्री का निर्माण और प्रसार किया।

बता दें कि कमिश्नरेट पुलिस ने रविवार को भी एक 22 वर्षीय युवक को मॉर्फ्ड अश्लील तस्वीरों और वीडियो वाली आपत्तिजनक रील्स सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

वहीं, सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर की गई इन गिरफ्तारियों पर प्रतिक्रिया देते हुए विपक्षी दल बीजू जनता दल (बीजेडी) ने मंगलवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। बीजेडी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अपनी शक्ति का दुरुपयोग कर लोगों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है।

Leave feedback about this

  • Service