September 7, 2026
National

बारिश के चलते संभल में कक्षा 12 तक के स्कूलों में एक दिन का अवकाश, शाहजहांपुर समेत कई जिलों में अलर्ट

One day holiday in schools up to class 12 in Sambhal due to rain, alert in many districts including Shahjahanpur

उत्तर प्रदेश के संभल में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा ने 7 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों और मदरसों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश जनपद में संचालित सभी बोर्डों के विद्यालयों और मदरसों पर लागू होगा। इसमें परिषदीय विद्यालयों के साथ-साथ मान्यता प्राप्त निजी विद्यालय और अन्य बोर्डों से संबद्ध स्कूल भी शामिल हैं। सभी प्रधानाचार्यों, प्रधानाध्यापकों और मदरसा प्रबंधकों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन के अनुसार पिछले कई घंटों से जिले में लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है और आवागमन भी प्रभावित हुआ है। ऐसे में विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में परेशानी या किसी प्रकार का खतरा न हो, इसे ध्यान में रखते हुए अवकाश घोषित किया गया है।

जिला प्रशासन ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। खराब मौसम के कारण बच्चों को विद्यालय भेजने से होने वाली संभावित समस्याओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। विद्यालय प्रबंधन को अभिभावकों और छात्रों तक अवकाश की सूचना पहुंचाने के भी निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति पर नजर रखें और बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें। साथ ही जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने की सलाह भी दी गई है।

उधर, लगातार बारिश के बीच शाहजहांपुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत जिलों में अगले तीन घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। सूचना विभाग के अनुसार सचेत ऐप से प्राप्त जानकारी में इन जिलों के कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ तेज से अत्यंत तेज बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और बिना जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। विशेष रूप से निचले इलाकों और जलभराव वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

जिला प्रशासन ने बताया कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जनसुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave feedback about this

  • Service