N1Live Entertainment एक राइट स्वाइप और बदल गई जिंदगी! रिलीज हुआ बॉबी देओल की फिल्म ‘बंदर’ का ट्रेलर
Entertainment

एक राइट स्वाइप और बदल गई जिंदगी! रिलीज हुआ बॉबी देओल की फिल्म ‘बंदर’ का ट्रेलर

One right swipe and your life changes! The trailer for Bobby Deol's film 'Bandar' is out now.

अभिनेता बॉबी देओल स्टारर बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंदर’ का ट्रेलर गुरुवार को रिलीज कर दिया गया है। सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह फिल्म एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है, जिस पर डेटिंग ऐप का इस्तेमाल करने के बाद दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाया जाता है और वह जेल पहुंच जाता है।

महज ढाई मिनट के ट्रेलर में बॉबी का अलग अंदाज देखने को मिल रहा है, जिसे देख फैंस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। बॉबी फिल्म में स्मार्ट, आकर्षक और अपने किरदार के इर्द-गिर्द फैले पागलपन के साथ पूरी तरह से तालमेल बिठाते हुए नजर आते हैं।

बॉबी एक ऐसे मशहूर सितारे का किरदार निभा रहे हैं, जिसकी शोहरत की चमक अब धीरे-धीरे फीकी पड़ने लगती है। स्टेज पर वह बेहद नखरेबाज और घमंडी दिखता है लेकिन असल जिंदगी में बेहद अकेला होता है। वहीं, अकेलापन दूर करने के लिए वह डेटिंग ऐप का इस्तेमाल करता है और कई लड़कियों को राइट स्वाइप करता है, तभी उसकी जिंदगी में एक ऐसा नाम सामने आता है, जो सब कुछ बदलकर रख देता है।

ट्रेलर के कुछ ही मिनटों के बाद कहानी अचानक से बड़ा मोड़ लेती है। दरअसल, फिल्म में बॉबी जिस लड़की के साथ हंसते और मुस्कराते नजर आते हैं। वही लड़की बलात्कार का झूठा आरोप लगाकर बॉबी को कुछ ही पलों बाद सलाखों के पीछे छोड़ देती है। चेहरे की मुस्कान गायब हो जाती है, तालियों की आवाज थम जाती है और उसकी दुनिया जैसे कैद होकर रह जाती है। सच्ची घटनाओं से प्रेरित यह कहानी एक ऐसे सिस्टम की परतें खोलती है, जो हर बार सही फैसला नहीं लेता।

ट्रेलर में सान्या मल्होत्रा, राज.बी., शेट्टी, सपना पब्बी, सबा आजाद, रिद्धि सेन, जितेंद्र जोशी, नागेश भोसले जैसे सितारे नजर आ रहे हैं, जिन्होंने अपनी दमदार मौजूदगी से कहानी को और भी आकर्षक बना दिया है। इस फिल्म के जरिए पहली बार अनुराग कश्प और बॉबी ने साथ में प्रोजेक्ट पर काम किया है।

अनुराग कश्यप द्वारा निर्देशित और सुदीप शर्मा व अभिषेक बनर्जी द्वारा लिखित फिल्म में शानदार कलाकारों की टोली है। वहीं, फिल्म को निखिल द्विवेदी की सैफ्रन मैजिकवर्क्स और जी स्टूडियोज के सहयोग से पर्दे पर उतारा गया है। ‘बंदर’ 5 जून को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Exit mobile version