समाजवादी पार्टी सांसद राजीव राय और अवधेश प्रसाद ने चुनाव आयोग विरोधी पदयात्रा, इंडिया ब्लॉक सीट-बंटवारे, दिग्विजय सिंह के आरएसएस-सावरकर वाले बयान सहित कई मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव ही भाजपा को सत्ता से दूर रखने में सक्षम हैं।
सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, “सीट-शेयरिंग को लेकर न तो कोई मुश्किल है और न ही किसी तरह की कोई बेचैनी। अगर कोई बेचैनी है तो वह भारतीय जनता पार्टी को है। अगर कोई बेचैनी है, तो वह बाबा योगी को है। हमारी तरफ से कोई बेचैनी नहीं है। इंडी गठबंधन चट्टान की तरह मजबूती से खड़ा है और हमारे नेता अखिलेश यादव सीट-शेयरिंग का फैसला करने में पूरी तरह सक्षम हैं।”
सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, “यह बिल्कुल साफ हो गया है कि अगर भारत में कोई ऐसी पार्टी है, जो भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से दूर रखने में सक्षम है तो वह समाजवादी पार्टी है। उनके अलावा भारत में कोई दूसरी पार्टी या नेता नहीं है, जो भारतीय जनता पार्टी को हराने के लिए कुछ कर सके।”
सपा सांसद राजीव राय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा गृह मंत्री को ‘अवैध’ बताने पर कहा, “जब चुनाव आयोग के लोगों ने ही बाहर आकर सच बता दिया तो सही है। राष्ट्रीय स्तर पर इंडिया गठबंधन के नेता जो बोलेंगे, वही हमारी राय होगी।”
यूपी चुनाव पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान गठबंधन की 2 अक्टूबर की डेडलाइन समाप्त पर राजीव राय ने कहा, “वह हर चुनाव में ऐसा कहते हैं। वह 2024, 2022, 2019, 2017 और 2012 में नहीं थे। यह यूपी है ओवैसी साहब। आप जहां सत्ता में हैं, वहां तो आपकी चलती नहीं और आगे की बातें करते हैं।”
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान ‘जब सीट होगी, तब ही तो जीत होगी’, इस पर सपा सांसद ने कहा, “इमरान मसूद क्या कर रहे हैं, उस पर कांग्रेस के नेता बोलेंगे। मुझे लगता है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बहुत सही बात कही है। कांग्रेस का शीर्ष नेता तो जो राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ बैठकर फैसला लेंगे, उस पर किसी ने आपत्ति दर्ज नहीं कराई है।”
कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने हाल ही में कहा है कि आरएसएस-विश्व हिंदू परिषद और सावरकर ने सनातन की मूल भावना को बदल दिया और हिंदू-मुस्लिम के बीच खाई बढ़ाई। इस बयान पर सपा नेता ने कहा, “खाई बढ़ाने का काम तो इन्होंने हमेशा किया है। मैं हमेशा कहता हूं कि इनका पॉलिटिकल डीएनए अंग्रेजों से आता है। फूट डालो, राज करो। भाई से भाई को लड़ाएंगे, जाति से जाति को लड़ाएंगे, मजहब से मजहब को लड़ाएंगे, नॉर्थ से साउथ को लड़ाएंगे और फिर बड़ी-बड़ी बातें करेंगे। चुनाव के वक्त बोल देंगे, वो तो जुमला था।”
पीडब्ल्यूडी इंजीनियर की आत्महत्या के मामले में केरलम सरकार के ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जांच के आदेश पर राजीव राय ने कहा, “देश को इस आदमी का इतिहास-भूगोल सब पता होना चाहिए। बेशर्मी की पराकाष्ठा पार करके सामने वाली बिल्डिंग में बैठकर जो लोकतंत्र की हत्या, चीरहरण और पीठ में छुरा घोंपने का काम कर रहे हैं। ऐसे व्यक्ति की जगह वह नहीं जहां वह बैठे हैं।”

