August 29, 2026
National

ऑपरेशन मिलाप : नंद नगरी पुलिस ने दो लापता नाबालिग लड़कियों को खोजकर परिजनों से मिलाया

Operation Reconciliation: Nandnagari police found two missing minor girls and reunited them with their families

दिल्ली के नॉर्थ-ईस्ट जिले की पुलिस ने ऑपरेशन मिलाप के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो लापता नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित ढूंढकर उनके परिजनों से मिलाया है। यह कार्रवाई नंद नगरी थाने की पुलिस ने की है। पुलिस के अनुसार 19 अगस्त को दो नाबालिग लड़कियां (उम्र करीब 14 साल) लापता हो गई थीं। ये सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सुंदर नगरी में कक्षा 9 की छात्रा हैं। इस संबंध में नंद नगरी थाने में बीएनएस की धारा 137(2) के तहत दो एफआईआर दर्ज की गईं और जांच शुरू की गई।

मामला दर्ज होते ही पुलिस ने लड़कियों की तलाश के लिए लगातार प्रयास शुरू किए। इंस्पेक्टर आनंद यादव, एसएचओ, थाना नंद नगरी के नेतृत्व में और विजय कुमार, एसीपी, नंद नगरी की देखरेख में विशेष टीमें बनाई गईं। टीमों ने तकनीकी निगरानी, मोबाइल नंबरों और लोकेशन की जांच, संपर्कों और जान-पहचान वालों के सत्यापन और व्यापक फील्ड इंटेलिजेंस के जरिए अहम सबूत जुटाए।

इन्हीं प्रयासों के चलते 22 अगस्त को पहली नाबालिग लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि मध्य प्रदेश की तरफ जाते समय दोनों लड़कियों की मुलाकात एक व्यक्ति से हुई थी, जो बाद में उन्हें खजुराहो / बागेश्वर की तरफ ले गया। लगातार तकनीकी निगरानी, रिश्तेदारों और साथियों के सत्यापन, खुफिया जानकारी जुटाने और निरंतर फील्ड प्रयासों के जरिए पुलिस टीम ने दूसरी लापता नाबालिग लड़की को भी बरामद कर लिया।

कानूनी औपचारिकताएं और जरूरी काउंसलिंग पूरी करने के बाद दोनों लापता नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित उनके माता-पिता को सौंप दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave feedback about this

  • Service