N1Live Entertainment ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में दिखेगी वायु सेना की बहादुरी, मिहिर आहूजा बोले- ‘यह प्रोजेक्ट जिंदगीभर नहीं भूल सकता’
Entertainment

‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में दिखेगी वायु सेना की बहादुरी, मिहिर आहूजा बोले- ‘यह प्रोजेक्ट जिंदगीभर नहीं भूल सकता’

'Operation Safed Sagar' will showcase the bravery of the Air Force, Mihir Ahuja said, 'I will never forget this project in my life'

27 मई । नेटफ्लिक्स की आने वाली सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ इन दिनों चर्चा में बनी हुई है। यह सीरीज 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायु सेना द्वारा चलाए गए ऐतिहासिक मिशन पर आधारित है। इस शो में युद्ध के दौरान जवानों की बहादुरी, संघर्ष, त्याग और देश के लिए उनके जज्बे को दिखाया जाएगा। इस सीरीज को लेकर युवा अभिनेता मिहिर आहूजा काफी उत्साहित हैं।

‘द आर्चीज’, ‘मेड इन हेवन सीज़न 2’ और ‘मां का सम’ जैसे प्रोजेक्ट्स में काम कर चुके मिहिर ने इस शो को अपने करियर का बेहद खास हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि यह भारतीय वायु सेना के असली हीरोज को श्रद्धांजलि है।

मिहिर आहूजा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, ”एक युवा एयरफोर्स पायलट का किरदार निभाना मेरे लिए सम्मान की बात रही। इस किरदार को निभाते समय मुझे यह महसूस हुआ कि भारतीय वायुसेना के जवान किस तरह अपनी जान की परवाह किए बिना देश की रक्षा करते हैं। इस रोल के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी जुड़ी हुई है और मैंने पूरी ईमानदारी के साथ इसे निभाने की कोशिश की है।”

उन्होंने कहा, ”इस प्रोजेक्ट ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। शूटिंग के दौरान मैंने एयरफोर्स के अनुशासन, समर्पण और मेहनत को करीब से समझा। यह ऐसा अनुभव है जिसे मैं जिंदगीभर नहीं भूल सकता। ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ हमेशा मेरे दिल के बेहद करीब रहेगा।”

सीरीज की कहानी भारतीय वायु सेना के उस ऐतिहासिक मिशन पर आधारित है, जिसे कारगिल युद्ध के दौरान अंजाम दिया गया था। यह मिशन करीब 47 दिनों तक चला था और इसे भारतीय सैन्य इतिहास के सबसे चुनौतीपूर्ण अभियानों में गिना जाता है। शो में युद्ध के दौरान की कठिन परिस्थितियों, सैनिकों के हौसले और देशभक्ति की भावना को बड़े स्तर पर दिखाया जाएगा।

इस सीरीज में मिहिर आहूजा के अलावा सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल, अभय वर्मा, दीया मिर्जा, प्राजक्ता कोली, आदिल हुसैन और तारुक रैना जैसे कलाकार शामिल हैं। इस सीरीज को अभिजीत सिंह परमार, महबूब पीएस बराड़ और कुशाल श्रीवास्तव ने मिलकर तैयार किया है जबकि इसका निर्देशन ओनी सेन ने किया है।

Exit mobile version