June 24, 2026
National

राजौरी में ‘ऑपरेशन शेरवाली’ आठवें दिन भी जारी, घने जंगलों में आतंकियों की तलाश तेज

‘Operation Sherwali’ continues in Rajouri on its eighth day; search for terrorists intensifies in dense forests.

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ (केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) का सर्च ऑपरेशन (ऑपरेशन शेरवाली) 8वें दिन भी जारी है। सुरक्षाबलों ने यह ऑपरेशन इलाके में संदिग्ध आतंकवादियों के छिपे होने की खुफिया जानकारी मिलने के बाद शुरू किया था।

राजौरी जिले के मंजाकोट सेक्टर में गंभीर मुगलान और डोरीमल के घने जंगल वाले इलाके में 2 से 3 आतंकियों के छिपे होने आशंका है। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी है। इलाके में पिछले दिनों रुक-रुककर धमाके और गोलीबारी भी हुई है। भारतीय सेना ने आतंकवादियों के खिलाफ जारी इस अभियान को ‘ऑपरेशन शेरवाली’ को नाम दिया है।

पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमों ने पिछले हफ्ते संदिग्ध गतिविधियों की खुफिया जानकारी मिलने के बाद घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था। अधिकारियों ने बताया कि दो से तीन लोगों के मौजूद होने की खबरें मिली थीं, जिसके बाद इलाके की पूरी तरह से तलाशी ली गई। सुरक्षाबलों ने आतंकवादियों के संदिग्ध छिपने की जगहों पर गोलाबारी भी की थी।

राजौरी जिले की पीर पंजाल रेंज में स्थित यह जंगली इलाका, अपनी खड़ी पहाड़ियों, घने जंगलों और सीमित पहुंच के कारण आतंकवाद-विरोधी अभियानों के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण इलाकों में से एक माना जाता है।

ऑपरेशन के बीच सुरक्षाकर्मियों ने आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। जगह-जगह चेकपॉइंट बनाए गए हैं। साथ ही, वाहनों और पैदल चलने वालों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है। पूरे दिन तलाशी अभियान जारी रहा, जिसके तहत सुरक्षा बलों ने जंगल के कई हिस्सों में व्यवस्थित तरीके से सघन तलाशी अभियान चलाए।

इस अभियान में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

गौरतलब है कि सुरक्षाबलों ने बीते कुछ समय में जम्मू-कश्मीर से आतंकवाद को नामोनिशान मिटाने के लिए अपने अभियान को तेज किया है। दो हफ्ते पहले नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को ढेर किया था। इससे पहले, जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के मददगार और अन्य संदिग्धों के ठिकानों पर भी छापे मारे गए थे।

Leave feedback about this

  • Service