April 18, 2026
National

राजनीतिक लाभ के लिए विपक्ष ने पास नहीं होने दिया महिला आरक्षण कानून: पवन कल्याण

Opposition blocked passage of Women’s Reservation Act for political gains: Pawan Kalyan

18 अप्रैल । साउथ सिनेमा के बड़े अभिनेता और जन सेना पार्टी की नींव रखने वाले पवन कल्याण महिला आरक्षण बिल संशोधन पास नहीं होने के कारण काफी निराश हैं।

अभिनेता ने इसके लिए विपक्ष को खूब खरी-खोटी सुनाई है और उन पर राजनीतिक लाभ के लिए महिलाओं को अधिकारों से वंचित रखने का आरोप भी लगाया है। इसके साथ पवन कल्याण ने पीएम मोदी की महिला-आधारित नीतियों की खुलकर तारीफ की है और उनका समर्थन भी किया है।

पवन कल्याण ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा है। अभिनेता के मुताबिक विपक्ष ने जानबूझकर बिल को पास नहीं होने दिया है। अभिनेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “भारत की विधानसभाओं में महिलाओं के प्रतिनिधित्व को मजबूत करने का एक ऐतिहासिक अवसर विपक्ष द्वारा जानबूझकर अवरुद्ध किया गया है। विपक्ष का यह रुख स्पष्ट करता है कि उनमें भारत के लोकतंत्र को मजबूत करने और महिलाओं को सशक्त बनाने वाले परिवर्तनकारी सुधारों का समर्थन करने की मंशा नहीं है।”

पवन कल्याण का कहना है कि विपक्ष ने एक बार फिर साबित कर दिया कि राष्ट्रीय प्रगति के ऊपर राजनीतिक लाभ है, जिससे महिलाओं के अधिकारों को क्षति पहुंची है। उन्होंने आगे लिखा, “इस ऐतिहासिक सुधार का समर्थन करना महिलाओं को सशक्त बनाने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को दिखाता है। एनडीए सहयोगी के रूप में, जनसेना पार्टी माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व का तहे दिल से स्वागत और सराहना करती है, जिन्होंने इस महत्वपूर्ण विधेयक को संसद के समक्ष प्रस्तुत किया। यदि यह विधेयक पारित हो जाता, तो यह देश भर की लाखों महिलाओं के लिए गौरव और प्रगति का एक निर्णायक क्षण होता।”

बता दें कि महिला आरक्षण संशोधन बिल को पास करने के लिए दो-तिहाई वोट की आवश्यकता थी। बिल को पास कराने के पक्ष में 298 वोट और विरोध में 230 वोट पड़े, जो बहुमत से कम है। संसोधन बिल पास नहीं होने के बाद अब राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक हर कोई अपना पक्ष रख रहा है।

Leave feedback about this

  • Service