N1Live National ईंधन की कीमतों पर विपक्ष जनता को कर रहा गुमराह, केंद्र सरकार जनता के साथ खड़ी: केशव मौर्य
National

ईंधन की कीमतों पर विपक्ष जनता को कर रहा गुमराह, केंद्र सरकार जनता के साथ खड़ी: केशव मौर्य

Opposition misleading the public on fuel prices, central government stands with the people: Keshav Maurya

15 मई । उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, विपक्ष की आलोचना और कर्नाटक में भगवा शॉल विवाद को लेकर विपक्षी दलों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोग केवल जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं लेकिन इससे कुछ होने वाला नहीं है।

लखनऊ में पत्रकारों से बात करते हुए उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केश प्रसाद मौर्य ने कहा कि वैश्विक आर्थिक संकट के बावजूद केंद्र सरकार ने जनता को राहत देने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। उनका कहना था कि दुनिया के लगभग 80 प्रतिशत देशों में पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने एक्साइज ड्यूटी घटाकर आम लोगों पर बोझ कम करने का प्रयास किया।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अब हालात ऐसे हो गए हैं कि कीमतों में बढ़ोतरी को पूरी तरह रोक पाना संभव नहीं है। उन्होंने तर्क दिया कि यदि सरकार ऐसा नहीं करती, तो देश की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो सकती है और सरकारी खजाने पर गंभीर दबाव पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता इस स्थिति को समझ रही है और केंद्र सरकार की मजबूरियों से अवगत है।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों को लेकर की गई आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव “मुंगेरीलाल जैसे अवास्तविक सपने” देख रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ के लिए जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता ने विपक्षी दलों को सत्ता से बाहर कर दिया है, लेकिन इसके बावजूद वे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की प्रगति को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष मजबूत और आत्मनिर्भर भारत नहीं देखना चाहता और हर मुद्दे पर सरकार की आलोचना करना उसकी आदत बन चुकी है।

बता दें कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, “आगे बढ़ना है तो साइकिल ही विकल्प है।” उनका यह बयान लोगों के बीच काफी चर्चा में है। अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाया है।

इसके साथ ही कर्नाटक में भगवा शॉल विवाद पर बोलते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस पर “भगवा विरोधी राजनीति” करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भगवा रंग भारतीय संस्कृति और परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उगते सूरज का रंग भी भगवा होता है, इसलिए भगवा का विरोध करना भारतीय परंपराओं और भावनाओं का विरोध करने जैसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस तरह की राजनीति करके अपनी ही राजनीतिक जमीन कमजोर कर रही है।

Exit mobile version