August 21, 2026
National

कांग्रेस के वंदे मातरम के सिर्फ दो पैराग्राफ गाने के फैसले से ही बने पाकिस्तान-बांग्लादेश : केशव मौर्य

Pakistan and Bangladesh were formed precisely because of the Congress’s decision to sing only two stanzas of Vande Mataram: Keshav Maurya.

‘वंदे मातरम’ के सिर्फ दो पैराग्राफ गाने के कांग्रेस के फैसले को लेकर एक बार फिर सियासी घमासान छिड़ गया है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उनका कहना है कि कांग्रेस ने न सिर्फ वंदे मातरम के दो टुकड़े किए बल्कि देश का भी बंटवारा किया।

लखनऊ में उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा, “आजादी से पहले कांग्रेस ने ‘वंदे मातरम’ के सिर्फ दो पैराग्राफ गाने का जो फैसला किया, उसके चलते पाकिस्तान और बांग्लादेश बने। कांग्रेस ने देश के बंटवारे की नींव दोबारा रखने की भूमिका बनाई है, जिसे माफ नहीं किया जा सकता। देश की जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी।”

केशव मौर्य ने कहा कि संसद के जरिए सरकार द्वारा बनाए गए कानून को न मानना, वो भी एक ऐसी राष्ट्रीय पार्टी द्वारा जो खुद को देश की सबसे पुरानी पार्टी कहती है, देश-विरोधी काम है और ऐसा करना सिर्फ मुसलमानों को खुश करने की राजनीति है।

वहीं, पश्चिम बंगाल के मिदनापुर में भाजपा नेता और मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “विपक्ष के नेता राहुल गांधी, जो 15 अगस्त के कार्यक्रम में मौजूद थे, उन्हें वंदे मातरम गाने में शर्म आ रही थी। उनकी मां सोनिया गांधी ने इशारा किया कि इसे रोक दिया जाए।”

आईएएनएस से बातचीत में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने भी कांग्रेस पर हमला बोला। नकवी ने कहा कि ‘वंदे मातरम’ की सांप्रदायिक लिंचिंग जिन लोगों की ओर से की जा रही है, उनका देश और राष्ट्रवाद के प्रति न तो सम्मान है और न तो वे स्वीकार करने वाले हैं। यह कोई नया रिवाज या मिजाज नहीं है।

नकवी ने कहा, “आजादी से पहले ये जिन्ना के सुर में सुर मिलाते दिखाई पड़ते थे। जिन्ना जैसे सांप्रदायिक व्यक्ति को खुश करने के लिए उन्होंने ‘वंदे मातरम’ के टुकड़े-टुकड़े किए थे। उसको जस्टिफाई करते फिर रहे हैं कि जो टुकड़े किए थे हम उसी को मानेंगे, जो वास्तविक वंदे मातरम था, संपूर्ण वंदे मातरम था, उसे हम नहीं मानेंगे क्योंकि वो सांप्रदायिक है। वंदे मातरम से किसी का ईमान खतरे में नहीं है बल्कि बेईमान को खतरा है।”

नागपुर में भाजपा नेता किरीट सोमैया ने कहा, “यह वही कांग्रेस है, जिसने देश को दो हिस्सों में बांटा और ‘वंदे मातरम’ को भी दो हिस्सों में बांट दिया। उन्होंने तो इसका आधा हिस्सा हटा ही दिया। अब हम राष्ट्र गीत को वापस लाए हैं तो उन्हें पच नहीं रहा है।”

Leave feedback about this

  • Service