March 19, 2026
National

दिल्ली में अमित शाह से मिलेंगे पलानीस्वामी, एआईएडीएमके-भाजपा में सीट बंटवारे पर अहम चर्चा

Palaniswami to meet Amit Shah in Delhi, crucial discussion on seat sharing between AIADMK and BJP

19 मार्च । तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच ए. पलानीस्वामी गुरुवार को नई दिल्ली पहुंचेंगे, जहां वे भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ अहम बैठक करेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, पलानीस्वामी गुरुवार सुबह 10 बजे चेन्नई से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। राष्ट्रीय राजधानी में उनकी कई उच्चस्तरीय बैठकों की योजना है, जिसमें सबसे अहम मुलाकात अमित शाह के साथ मानी जा रही है। इस बैठक में एआईएडीएमके और भाजपा के बीच सीट बंटवारे को लेकर अंतिम बातचीत हो सकती है।

इस दौरे को दोनों दलों के गठबंधन को अंतिम रूप देने की दिशा में एक बड़ा और निर्णायक कदम माना जा रहा है। चुनाव आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद राज्य में सभी पार्टियां तेजी से चुनावी तैयारियों में जुट गई हैं। अब गठबंधन और सीट शेयरिंग को जल्द से जल्द पूरा करने पर फोकस है।

जहां सत्तारूढ़ डीएमके ने अपने सहयोगियों जैसे कांग्रेस और सीपीआई के साथ सीट बंटवारे का काम काफी हद तक पूरा कर लिया है।

वहीं, एआईएडीएमके-भाजपा गठबंधन अब तक अपनी सीट शेयरिंग फॉर्मूला घोषित नहीं कर पाया है। यही वजह है कि पलानीस्वामी का दिल्ली दौरा काफी अहम माना जा रहा है।

दोनों पार्टियां अपनी-अपनी चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए एक संतुलित समझौते की कोशिश कर रही हैं। इस बीच, केंद्रीय मंत्री और तमिलनाडु में भाजपा के चुनाव प्रभारी पीयूष गोयल के भी इस हफ्ते चेन्नई जाने की संभावना है। उनके दौरे का मकसद बची हुई असहमति को दूर करना और प्रचार रणनीति को अंतिम रूप देना होगा।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दिल्ली में होने वाली ये बैठकें एआईएडीएमके-भाजपा गठबंधन के भविष्य और चुनावी प्रदर्शन को काफी हद तक तय करेंगी।

Leave feedback about this

  • Service