N1Live Entertainment शेफाली के निधन से टूट गए थे पराग त्यागी, बताया किस ‘खास’ ने दिया भावनात्मक सहारा
Entertainment

शेफाली के निधन से टूट गए थे पराग त्यागी, बताया किस ‘खास’ ने दिया भावनात्मक सहारा

Parag Tyagi was devastated by Shefali's death, revealed which 'special person' provided emotional support.

दिवंगत अभिनेत्री शेफाली जरीवाला के पति पराग त्यागी पत्नी के निधन के बाद से अक्सर प्रशंसकों के साथ नए-नए किस्से -कहानियों व यादों के साथ जुड़े रहते हैं। इस बीच पराग ने बताया कि पत्नी शेफाली के अचानक निधन के बाद वह पूरी तरह से टूट गए थे। पराग को उनके पालतू कुत्ते सिम्बा ने दोबारा खड़ा किया।

उन्होंने बताया कि सिम्बा न सिर्फ उनके दर्द को समझता है बल्कि खुद भी उसी दर्द से गुजर रहा था। दोनों ने एक-दूसरे का साथ देकर इस मुश्किल समय को पार किया। पराग का कहना है कि सिम्बा के प्यार और मौजूदगी ने उन्हें भावनात्मक रूप से मजबूत बनाया है। यह रिश्ता सिर्फ मालिक और पालतू कुत्ते का नहीं बल्कि पिता-पुत्र वाला रिश्ता है।

पराग ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में खुलकर बताया कि सिम्बा उनके लिए सिर्फ पालतू जानवर नहीं बल्कि परिवार का सदस्य और ‘बेटा’ है, जिसने सबसे मुश्किल समय में उन्हें सहारा दिया। पराग त्यागी ने बताया कि शेफाली का निधन उनके लिए बहुत बड़ा झटका था। इस दर्द भरे दौर में सिम्बा उनकी सबसे बड़ी ताकत बना। उन्होंने कहा, ” सिम्बा हमारा बेटा है। शेफाली प्यार से कहती थी, ‘सिम्बा, तुम मेरे पेट से पैदा क्यों नहीं हुए?’ शेफाली उससे बहुत प्यार करती थी औ मैं भी उससे बहुत ज्यादा प्यार करता हूं और वह हमारे लिए बेहद खास रहा है।”

पराग ने बताया कि सिम्बा की शारीरिक मौजूदगी और स्पर्श उन्हें बहुत सुकून देता था। उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने कभी सिम्बा को सिर्फ अपने घाव भरने का माध्यम नहीं बनाया क्योंकि सिम्बा खुद भी शेफाली के जाने के दर्द से गुजर रहा था। पराग ने कहा, “मैं अपने जज्बात शब्दों में बयां कर सकता हूं लेकिन वह नहीं कर सकता। मैं उसकी बॉडी लैंग्वेज से उसके भाव समझता हूं। सिम्बा और मैंने एक-दूसरे को बिना शर्त प्यार देकर ठीक किया है। हमने एक-दूसरे को मन की शांति पाने में मदद की है।”

शेफाली जरीवाला का निधन 27 जून 2025 को 42 वर्ष की आयु में हो गया था। मुंबई स्थित अपने घर पर उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था। पराग त्यागी तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इस घटना के बाद पराग त्यागी कई बार शेफाली के साथ बिताए प्यारे पलों को प्रशंसकों के साथ साझा कर चुके हैं।

Exit mobile version