दिग्गज अभिनेता परेश रावल और पूर्व ब्यूटी क्वीन स्वरूप संपत ने गुरुवार को पुरानी यादों को ताजा करते हुए एक पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने बताया कि उन्हें कनाडा के वैंकूवर में अपने पति और दिग्गज अभिनेता परेश रावल के आइकॉनिक डायलॉग वाला पोस्टर दिखा। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें एक दीवार पर परेश रावल का पोस्टर लगा और उस पर लिखा, “तेजा मैं हूं, मार्क इधर है।”
तस्वीर में स्वरूप इंस्टॉलेशन के पास पोज देती नजर आ रही हैं और अपने चेहरे की ओर इशारा कर रही हैं, जो डायलॉग के मतलब को दोहरा रही है। अभिनेत्री ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “वो आइकॉनिक डायलॉग ‘तेजा मैं हूं, मार्क इधर है’ का ऐसा असर हुआ कि ये वैंकूवर में भी पहुंच गया। कनाडा में परेश रावल तुम्हें मिस कर रही हूं!”
बता दें कि डायलॉग ‘तेजा मैं हूं, मार्क इधर है’ फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ में तेजा के रोल में परेश रावल की परफॉर्मेंस से लिया गया था। इस सीन में, अभिनेता के किरदार के चेहरे पर मौजूद तिल और निशान ही उसे उसके जुड़वां भाई से अलग करता है। तब से यह लाइन हिंदी सिनेमा के सबसे पहचानने जाने वाले कॉमिक डायलॉग में से एक बन गई है।
फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ (1994) में अभिनेता परेश रावल ने रामगोपाल बजाज और तेजा का डबल रोल (दोहरी भूमिका) निभाया था। रामगोपाल बजाज एक सीधे-साधे और अमीर उद्योगपति है और तेजा राम गोपाल बजाज का जुड़वां भाई है। तेजा बहुत चालाक है और राम गोपाल की संपत्ति हड़पना चाहता है।
‘अंदाज अपना अपना’ साल 1994 की एक मशहूर हिंदी कॉमेडी फिल्म है, जिसे भारतीय सिनेमा की बेहतरीन कल्ट क्लासिक फिल्मों में गिना जाता है। जब यह फिल्म रिलीज हुई थी, तब बॉक्स ऑफिस पर यह कोई खास कमाल नहीं कर पाई और इसे औसत या फ्लॉप माना गया था।
समय के साथ टेलीविजन और अन्य माध्यमों पर इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। इसके अनोखे संवाद (डायलॉग्स), किरदारों की कॉमिक टाइमिंग और बेहतरीन कॉमेडी दृश्यों ने इसे आज एक ऐतिहासिक और लीजेंड्री फिल्म बना दिया है। ‘क्राइम मास्टर गोगो’ और ‘तेजा मैं हूं, मार्क इधर है’ जैसे डायलॉग्स आज भी लोगों की जुबान पर रहते हैं।


Leave feedback about this