July 3, 2026
Entertainment

सेंसर बोर्ड की ‘अग्निपरीक्षा’ पास कर चुकी है ‘परिमाला एंड कंपनी’, मेकर्स ने शेयर किया बड़ा अपडेट

Parimala & Co. has passed the Censor Board’s ‘fire test’; makers share a major update

साउथ सिनेमा के जाने-माने निर्देशक पांडिराज की आगामी फिल्म ‘परिमाला एंड कंपनी’ को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन की तरफ से बड़ी राहत मिल गई है। सीबीएफसी की तरफ से फिल्म को यू/ए सर्टिफिकेट के साथ रिलीज करने की मंजूरी मिल गई है।

मंगलवार को फिल्म के मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी पुष्टि की है।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “फिल्म ‘परिमाला एंड कंपनी’ सिनेमाघरों में रिलीज करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। 5 जून को सिनेमाघरों में आपसे और आपके परिवार से मिलते हैं।”

बता दें कि फिल्म ‘परिमाला एंड कंपनी’ एक बहुप्रतीक्षित तमिल डार्क-कॉमेडी और थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन पांडीराज ने किया है। यह फिल्म रहस्य, सस्पेंस और पारिवारिक ड्रामा का एक अनूठा मिश्रण है। इस फिल्म का निर्माण लाइका प्रोडक्शंस, तमिलकुमारन प्रोडक्शंस और निर्देशक पांडिराज के पसंगा प्रोडक्शंस ने मिलकर किया है।

इसमें अनुभवी कलाकार जयराम और उर्वशी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इनके अलावा, फिल्म में योगी बाबू, संजना कृष्णमूर्ति, अनंतिका सानिलकुमार और मैस्किन भी प्रमुख भूमिकाओं में शामिल हैं। फिल्म के ओटीटी और सैटेलाइट राइट्स जी5 और जी तमिल ने खरीद लिए हैं।

फिल्म की कहानी एक सामान्य से दिखने वाले परिवार और उनके घर के अंदर होने वाली एक रहस्यमय हत्या के इर्द-गिर्द घूमती है। इसमें एक गैंगस्टर की संदिग्ध मौत के बाद, यह परिवार एक बड़ी मुसीबत में फंस जाता है और उन्हें अपनी रोजमर्रा की जिंदगी के साथ-साथ इस अपराध को छिपाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। यह फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब देखना होगा पांडिराज कि इस फिल्म को दर्शक कितना प्यार देते हैं।

तमिल सिनेमा के मशहूर निर्देशक, पटकथा लेखक और निर्माता पांडिराज अपनी यथार्थवादी और पारिवारिक फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने 2009 में फिल्म ‘पसंगा’ से अपने निर्देशन करियर की शुरुआत की थी, जिसे बड़ी सफलता और कई पुरस्कार मिले।

उन्होंने 2012 में अपना खुद का प्रोडक्शन स्टूडियो ‘पसंगा प्रोडक्शंस’ शुरू किया, जिसके तहत उन्होंने ‘मरीना’ (2012) और ‘इधु नम्मा आलू’ (2016) जैसी फिल्मों का निर्माण किया है।

Leave feedback about this

  • Service