June 11, 2026
National

मोदी सरकार के 12 वर्षों में संसद ने लिए कई ऐतिहासिक फैसले: किरेन रिजिजू

Parliament has taken several historic decisions during the Modi government’s 12 years: Kiren Rijiju

11 जून । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल के कार्यकाल को लेकर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि इस दौरान कई ऐतिहासिक काम हुए हैं। लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहना एक अलग बात है, लेकिन संसद के जरिए जो कदम उठाए गए, उन्हें जानना भी जरूरी है।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि 12 वर्षों में संसद ने कई क्रांतिकारी फैसले लिए हैं। आजादी के बाद पुरानी संसद जर्जर हो गई थी। कई लोकसभा अध्यक्षों की ओर से नए संसद भवन के निर्माण का आग्रह किया गया था, लेकिन यह संभव नहीं हो पाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व के सबसे खूबसूरत संसद भवनों में से एक का निर्माण कराया, जो एक ऐतिहासिक क्षण था। नए संसद भवन में पहला विधेयक नारी शक्ति वंदन अधिनियम के रूप में पारित किया गया।

उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 भारत के संविधान पर एक काला दाग था, जो जम्मू-कश्मीर को देश से अलग करता था। इसे हटाया गया। ऐतिहासिक जीएसटी विधेयक पारित हुआ और “एक देश, एक टैक्स” की व्यवस्था लागू की गई। कोरोना काल में भी संसद की कार्यवाही जारी रही।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 1,725 पुराने कानून, जिनकी अब जरूरत नहीं थी, उन्हें समाप्त किया गया। पिछड़े वर्गों के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए और उनसे जुड़े कानून बनाए गए। आरक्षण और तीन तलाक जैसे मुद्दों पर भी कानून बनाए गए।

सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम पारित किया गया। 2017 में महिलाओं की मातृत्व अवकाश (मेटरनिटी लीव) अवधि बढ़ाई गई। चार श्रम संहिताओं (लेबर कोड्स) में सुधार किए गए। आधार अधिनियम लागू किया गया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को परेशान करने वाले कई कानून थे, जिनमें कुछ अंग्रेजों के समय के थे और कुछ आजादी के बाद बनाए गए थे। ऐसे कानूनों को खत्म किया गया। जन विश्वास विधेयक भी पारित किया गया।

उन्होंने बताया कि तीन नए आपराधिक कानून भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू किए गए। शांति अधिनियम भी पारित किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन से संबंधित पहल शुरू की गई। संसद पूरी तरह डिजिटल हो चुकी है, जहां ऑनलाइन सवाल और नोटिस तुरंत दिए जा सकते हैं।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि विधानसभाओं को भी डिजिटल किया जा रहा है। लोकतंत्र को मजबूत करने में प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा योगदान रहा है। उनके कार्यकाल में कई ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं और उनके कार्यकाल को स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा।

Leave feedback about this

  • Service