N1Live Entertainment पवन कल्याण की पत्नी अन्ना ने शेयर किया भावुक पोस्ट, बोलीं-‘शारीरिक दर्द से कहीं ज्यादा भारी रहा जीवन का बोझ’
Entertainment

पवन कल्याण की पत्नी अन्ना ने शेयर किया भावुक पोस्ट, बोलीं-‘शारीरिक दर्द से कहीं ज्यादा भारी रहा जीवन का बोझ’

Pawan Kalyan's wife Anna shares an emotional post, says—'The burden of life weighed far heavier than physical pain.'

तेलुगु सिनेमा के सुपरस्टार और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण इन दिनों अपनी सेहत को लेकर चर्चा में हैं। उनकी हाल ही में मुंबई के एक अस्पताल में दाहिने कंधे की सर्जरी हुई है। इस मुश्किल समय में उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला लगातार उनके साथ खड़ी हैं। अब उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया और कहा कि पवन कल्याण ने जिंदगी में शारीरिक दर्द से कहीं ज्यादा बड़े संघर्षों और जिम्मेदारियों का सामना किया है।

अन्ना कोनिडेला ने इंस्टाग्राम पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की अस्पताल में पवन कल्याण से मुलाकात की एक तस्वीर साझा की। इस तस्वीर के साथ उन्होंने पवन कल्याण की सेहत और उनके स्वभाव को लेकर अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने बताया कि पवन कल्याण अपनी तकलीफों के बारे में आसानी से किसी से बात नहीं करते और हमेशा मजबूत बने रहने की कोशिश करते हैं।

अन्ना ने अपने पोस्ट में लिखा, ”उनकी जिंदगी का बोझ हमेशा उनके शारीरिक दर्द से कहीं ज्यादा भारी रहा है। वह बहुत कम शिकायत करते हैं। वह तभी अपनी तकलीफ बताते हैं, जब दर्द उनके लिए भी सहना मुश्किल हो जाता है। फिलहाल मेरा एक ही काम है कि मैं उनकी अच्छी तरह देखभाल करूं और उन्हें यह महसूस कराऊं कि वह सुरक्षित हाथों में हैं। एक-एक दिन करके हम इस मुश्किल समय से बाहर निकल जाएंगे।”

बता दें कि पवन कल्याण के दाहिने कंधे की सर्जरी 11 जुलाई को मुंबई के एक अस्पताल में हुई थी। अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया कि उन्हें दाहिने कंधे में रोटेटर कफ इंजरी हुई थी। इसमें कंधे की मांसपेशियों से जुड़े टेंडन में गंभीर चोट के साथ हड्डी में भी फ्रैक्चर था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उनकी ऑर्थ्रोस्कोपिक सर्जरी की। सर्जरी के बाद पवन कल्याण की हालत ठीक है। वह धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहे हैं।

अस्पताल की ओर से बताया गया कि पवन कल्याण को कुछ समय आराम करने के बाद कंधे की खास एक्सरसाइज और रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम से गुजरना होगा। उम्मीद है कि करीब चार महीने के अंदर उनके कंधे की कार्यक्षमता पूरी तरह वापस आ जाएगी।

Exit mobile version