4 मई । पश्चिम बंगाल के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बहुमत के बाद जश्न शुरू हो गया है। कोलकाता के सॉल्ट लेक में स्थित भाजपा कार्यालय में नेता जुटने लगे हैं और कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। भाजपा के बंगाल प्रभारी मंगल पांडे ने कहा कि रुझान बहुत साफ हैं। राज्य की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक ‘विकसित बंगाल’ चाहती है।
केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, भाजपा सांसद संजय जायसवाल, महेश शर्मा और बिप्लब कुमार देब पश्चिम बंगाल में मतगणना के बीच सुबह कोलकाता स्थित भाजपा दफ्तर पहुंचे। इसके अलावा, पश्चिम बंगाल के भाजपा प्रभारी मंगल पांडे भी कार्यालय पहुंचे।
मंगल पांडे ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “शुरुआती रुझान बहुत साफ हैं। बंगाल की जनता पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक ‘विकसित बंगाल’ चाहती है और एक ‘डबल-इंजन’ वाली सरकार चाहती है।”
वहीं, भाजपा सांसद महेश शर्मा ने कहा, “पश्चिम बंगाल की जनता ने जिस बदलाव की अपेक्षा की थी, आज वह समय आ गया है। बंगाल भारत की गति के साथ विकास की यात्रा में शामिल होकर चलेगा। एक समय लगता था कि बंगाल भारत के साथ लगभग 20 साल पीछे है। अब वह समय खत्म होने जा रहा है। मैं यहां की जनता को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।”
भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने भी बंगाल में भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा, “सरकार भाजपा की ही बनेगी, इसमें कोई शक नहीं है।” वहीं, बंगाल के नतीजों पर भाजपा नेता शिशिर बाजोरिया ने कहा, “कुछ ही देर में सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा और भाजपा यहां भारी बहुमत के साथ इतिहास रचने जा रही है।”
पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा कि राज्य में हमारी सरकार का बनना तय है। भट्टाचार्य ने पत्रकारों से कहा, “शुरुआती रुझान आ रहे हैं। इनमें उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, ठीक वैसे ही जैसे वोटिंग के दौरान थे। लोगों को इसका आनंद लेने दीजिए। भाजपा सरकार का बनना तय है।”
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में हुए विधानसभा चुनावों के वोटों की गिनती सोमवार सुबह 8 बजे शुरू हुई। सोमवार को, राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से केवल 293 सीटों के लिए ही वोटों की गिनती हो रही है। चुनाव आयोग ने दोपहर 12 बजे तक 263 सीटों के आंकड़े दिए। रुझानों में भाजपा ने 169 बढ़त हासिल की है, जबकि सत्तारूढ़ टीएमसी 91 सीटों पर आगे है।

