June 11, 2026
National

पेट्रोल-डीजल के दाम में फिर बढ़ोतरी, दिल्लीवासियों ने कहा- कीमतों पर अब नियंत्रण होना चाहिए

Petrol and diesel prices rise again, Delhi residents say prices should be controlled now

देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में सोमवार को एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई। पेट्रोल की कीमत में 2.61 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है जब ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे आम जनता और खासकर मध्यम वर्ग की परेशानियां बढ़ गई हैं।

कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली के पेट्रोल पंपों पर तेल भरवाने पहुंचे लोगों ने नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर उनके बजट और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए एक व्यक्ति ने कहा कि कीमतें बढ़ने से हम पर असर पड़ रहा है। मुझे लगता है कि कीमतें अब बढ़ती ही रहेंगी। इस पर नियंत्रण होना जरूरी है, वरना दिक्कतें खड़ी हो जाएंगी। कुछ हमें कंट्रोल करना होगा और कुछ सरकार को।

एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि काम कम है और पेट्रोल महंगा होता जा रहा है। आमतौर पर हम रोज 300 रुपए का तेल भरवाते हैं, लेकिन काम बहुत कम हो गया है क्योंकि ग्राहक उतने पैसे नहीं देते और कंपनियां भी रेट कम कर देती हैं। यह और महंगा होता जा रहा है और मध्यम वर्ग के लोग इससे बहुत परेशान हैं।

पेट्रोल भराने आए एक और शख्स ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, जिसका आम आदमी पर सीधा असर पड़ रहा है। टैक्सी ड्राइवरों ने तो हाल ही में धरना भी दिया था। किराया (रेट) तो बढ़ रहा है, लेकिन कमाई नहीं बढ़ रही। इस महंगाई को नियंत्रित करने के लिए सरकार और संबंधित विभागों को तुरंत कुछ ठोस कदम उठाने पड़ेंगे। अभी तो हालात ऐसे हैं कि आगे और रेट बढ़ने वाले हैं।

बता दें कि पिछले 10 दिनों में यह चौथी बार है जब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। कीमतों में बढ़ोतरी से आम लोगों, यात्रियों और परिवहन क्षेत्र पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। कीमतों में बढ़ोतरी से पहले दिल्ली में पेट्रोल 99.51 रुपए प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपए प्रति लीटर बिक रहा था। लेकिन अब, राजधानी में पेट्रोल 102.12 रुपए प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है।

इससे पहले, 23 मई को कीमतों में बढ़ोतरी करते हुए सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल की कीमतें 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमतें 91 पैसे प्रति लीटर बढ़ाई थी। वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी के बीच पिछले 10 दिन में ईंधन की दरों में यह चौथी बढ़ोतरी है। 15 मई को ही सरकारी तेल कंपनियों ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण बढ़ी हुई ऊर्जा कीमतों का बोझ धीरे-धीरे ग्राहकों पर डालना शुरू किया था।

Leave feedback about this

  • Service