प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कर्नाटक, मध्य प्रदेश, केरल, हरियाणा और छत्तीसगढ़ के लोगों को उनके स्थापना दिवस पर बधाई दी। प्रधानमंत्री शनिवार को छत्तीसगढ़ के गठन की 25 वीं वर्षगांठ मनाने के लिए वहां आएंगे।
“प्रकृति और संस्कृति को समर्पित यह राज्य आज प्रगति के नित नए आयाम स्थापित करने में लगा हुआ है। यहाँ के कई क्षेत्र, जो कभी नक्सलवाद से प्रभावित थे, आज विकास की दौड़ में आगे बढ़ रहे हैं,” मोदी ने छत्तीसगढ़ के भाइयों और बहनों का अभिवादन करते हुए कहा।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि यहां के मेहनती और कुशल लोगों के समर्पण और उद्यम से हमारा राज्य विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।’’ प्रधानमंत्री ने कन्नड़ राज्योत्सव पर कर्नाटक के लोगों की उत्कृष्टता और मेहनती प्रकृति की सराहना की।
उन्होंने कहा, “आज, जब हम कन्नड़ राज्योत्सव मना रहे हैं, तो हम उत्कृष्टता और मेहनती स्वभाव की भावना का जश्न मना रहे हैं, जिसका पर्याय कर्नाटक के लोग हैं।” उन्होंने कहा, “हम कर्नाटक की उत्कृष्ट संस्कृति का भी जश्न मनाते हैं, जो इसके साहित्य, कला, संगीत आदि में परिलक्षित होती है। यह राज्य ज्ञान में निहित प्रगति की भावना का प्रतीक है। मैं प्रार्थना करता हूँ कि राज्य के लोग सुखी और स्वस्थ रहें।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल एक ऐसा राज्य है जिसके लोग वैश्विक स्तर पर विविध क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और अपनी रचनात्मकता तथा नवाचार के लिए भी विशिष्ट पहचान बना रहे हैं। मोदी ने केरल पिरावी की शुभकामनाएँ देते हुए कहा, “राज्य के मनोरम दृश्य और सदियों पुरानी विरासत भारत की जीवंत सांस्कृतिक भव्यता को दर्शाती है। केरल के लोगों को सदैव उत्तम स्वास्थ्य और सफलता का आशीर्वाद मिले।”
प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश के सभी परिवारजनों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं, जो अपने गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए है। उन्होंने मध्य प्रदेश के लोगों को उसके स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कहा, ‘‘देश के हृदय में स्थित हमारा राज्य आज प्रत्येक व्यक्ति की आकांक्षाओं को प्राथमिकता देते हुए हर क्षेत्र में प्रगति की नई गति ला रहा है।’’
मोदी ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि इस भूमि के प्रतिभाशाली और मेहनती लोग विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अमूल्य भूमिका निभाएंगे।’’\ प्रधानमंत्री ने हरियाणा दिवस के अवसर पर राज्य के सभी निवासियों को हार्दिक बधाई भी दी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे किसान भाई-बहनों के अथक परिश्रम, हमारे सैनिकों के अद्वितीय पराक्रम और हमारे युवाओं के उल्लेखनीय प्रदर्शन के कारण यह ऐतिहासिक भूमि पूरे देश के लिए एक उदाहरण रही है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहे राज्य के इस विशेष अवसर पर मैं सभी के लिए खुशहाली और उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।’’ 1956 में आज ही के दिन आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, केरल और लक्षद्वीप अस्तित्व में आये।
पंजाब और हरियाणा का गठन 1966 में हुआ था, जबकि छत्तीसगढ़ का गठन 2000 में मध्य प्रदेश से अलग करके किया गया था।

