February 23, 2026
National

‘पीएम मोदी भारत के भविष्य के एआई आर्किटेक्ट’, तमिलनाडु भाजपा ने राहुल गांधी को दिया जवाब

‘PM Modi is the AI ​​architect of India’s future’, Tamil Nadu BJP responds to Rahul Gandhi

23 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तमिलनाडु इकाई ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को घेरते हुए भाजपा प्रवक्ता एएनएस प्रसाद ने कहा कि उनके पास रचनात्मक टेक्नोलॉजी विजन का अभाव है। इसलिए वे विघटनकारी राजनीति में लगे हुए हैं।

भाजपा प्रवक्ता एएनएस प्रसाद ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक लंबा पोस्ट किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के भविष्य का ‘एआई आर्किटेक्ट’ बताया, जबकि राहुल और कांग्रेस को शर्मनाक अप्रचलित वायरस बताया।

उन्होंने लिखा, “भारत के पुनरुत्थान के डिजिटल युग में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी ‘वेव्स समिट’ और ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ दो प्रकाश स्तंभों की तरह चमक रहे हैं, जो अभूतपूर्व शक्ति से ‘ऑरेंज इकोनॉमी’ को प्रज्वलित कर रहे हैं। ये शक्ति-संचार एआई की असीम संभावनाओं को खोलते हुए युवाओं और क्रिएटिव कोडर्स को सशक्त बना रहे हैं, ताकि वे ऐसा भविष्य तैयार कर सकें जहां नवाचार देश की ग्रोथ को आगे बढ़ाए।”

एएनएस प्रसाद ने कहा, “भारतीय छात्रों और युवाओं ने ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के नजरिए से लीडरशिप को समझा है कि पीएम मोदी दूरदर्शिता और प्रगतिशील सोच के साथ भारत को वैश्विक एआई प्रभुत्व की ओर अग्रसर कर रहे हैं। साथ ही, वे समावेशी नवाचार, नैतिक ढांचे और युवा सशक्तिकरण के माध्यम से वे रचनात्मक प्रतिभाओं को आर्थिक शक्ति में बदल रहे हैं।”

भाजपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि यह समिट पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व कौशल का उदाहरण है, जो यह वैश्विक सहयोग, युवा मंच और पॉलिसी एक्सेलरेटर क्रिएटिविटी को नई गति देता है। एनीमेशन, गेमिंग और डिजाइन जैसे क्षेत्रों में रोजगार सृजन के माध्यम से भारत वैश्विक नवाचार केंद्रों को चुनौती दे रहा है।

कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष को निशाने पर लेते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “राहुल गांधी ऐसे उदाहरण के रूप में सामने आते हैं कि नेतृत्व कैसा नहीं होना चाहिए। वे विघटनकारी और पुरानी सोच से ग्रस्त हैं और त्रुटिपूर्ण इंटरफेस के साथ भारत की तकनीकी आकांक्षाओं को कमजोर करते हैं। वे पुराने सिस्टम की गलतियों, रुके हुए अपडेट और लगातार क्रैश जैसे हालात के जरिए डिजिटलीकरण की बजाय विभाजन को बढ़ावा देते हुए दिखाई देते हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पुराने ओएस (ऑपरेटिंग सिस्टम) से चिपकी हुई है, जो विकास के बजाय व्यवधान को प्राथमिकता देता है और भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले अपने कैडर का बचाव करती दिखाई देती है। यह एक दुर्भावनापूर्ण कोड इंजेक्शन है, जो पार्टी के वायरस से भरे कोर को सामने लाता है, और बिना सोचे-समझे विरोध, बेबुनियाद तोड़फोड़ और व्यवधान से भारत की प्रतिष्ठा को धूमिल करता है।”

एएनएस प्रसाद ने कहा, “भारत के युवा मानते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी ‘भविष्य के आर्किटेक्ट’ हैं, जबकि राहुल और कांग्रेस कल की नाकामियों की निशानी हैं। वायरस को हटाने का समय आ गया है।”

Leave feedback about this

  • Service