February 26, 2026
National

इंस्टाग्राम पर भी प्रधानमंत्री मोदी सबसे पसंदीदा नेता, 10 करोड़ फॉलोवर्स का बनाया रिकॉर्ड

PM Modi is the most popular leader on Instagram, setting a record for 100 million followers.

26 फरवरी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोअर्स का बड़ा आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही, वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह मुकाम हासिल करने वाले दुनिया के पहले नेता बने हैं।

2014 में इंस्टाग्राम से जुड़ने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले एक दशक में अपने अकाउंट को दुनिया के नेताओं के बीच सबसे ज्यादा एक्टिव और सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले डिजिटल प्लेटफॉर्म में से एक बनाया है।

प्लेटफॉर्म पर उनकी मौजूदगी लगातार बढ़ी है, जो भारत और विदेश दोनों जगह दर्शकों से जुड़ने की उनकी लगातार पहुंच की रणनीति को दिखाती है। वर्तमान में जाने-माने विश्व लीडर्स में पीएम मोदी के इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलोअर्स हैं। खास बात यह है कि इंस्टाग्राम पर उनके फॉलोअर्स की संख्या अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दोगुना से अधिक है।

दुनिया के पांच बड़े नेताओं के फॉलोअर्स की कुल संख्या भी प्रधानमंत्री मोदी के फॉलोअर्स की संख्या से कम है।

डोनाल्ड ट्रंप 43.2 मिलियन फॉलोअर्स के साथ दूसरे नंबर पर हैं। उनके बाद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो के 15 मिलियन फॉलोअर्स हैं, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला के 14.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं, तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन के 11.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली के 6.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी के 106.2 फॉलोअर्स हैं, जबकि फेसबुक पर उनके 54 मिलियन फॉलोअर्स हैं। ये आंकड़े पीएम मोदी की बड़ी ग्लोबल पहुंच और मजबूत कनेक्शन को दिखाते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी भारत में भी इंस्टाग्राम पर अन्य राजनेताओं से काफी आगे हैं। दूसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं, जिनके लगभग 16.1 मिलियन फॉलोअर्स हैं। इसके बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के फॉलोअर्स की संख्या लगभग 12.6 मिलियन है।

दिसंबर 2025 तक, प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया के अलग-अलग नेताओं के बीच सबसे अधिक अप्रूवल रेटिंग हासिल की। स्टेटिस्टा के अनुसार, पीएम मोदी की अप्रूवल रेटिंग 70 प्रतिशत है, जिससे वे अन्य वैश्विक नेताओं के साथ सूची में शीर्ष स्थान पर रहे।

जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची 63 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग के साथ दूसरे, अर्जेंटीना के जेवियर मिलेई 60 प्रतिशत के साथ तीसरे और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 43 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग के साथ 11वें नंबर पर हैं।

अमेरिकी बिजनेस इंटेलिजेंस फर्म ‘मॉर्निंग कंसल्ट’ की ओर से 2 फरवरी और 8 फरवरी के बीच जुटाए गए डेटा के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 67 प्रतिशत अप्रूवल रेटिंग के साथ टॉप पर हैं। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 40 प्रतिशत अनुमोदन रेटिंग के साथ 11वें स्थान पर रहे।

Leave feedback about this

  • Service