August 24, 2026
National

असम के डिब्रूगढ़ में पुलिस की कार्रवाई, 966 ग्राम गांजा के साथ ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार

Police action in Dibrugarh, Assam: Drug smuggler arrested with 966 grams of cannabis.

असम के डिब्रूगढ़ में पुलिस ने ड्रग्स तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। बरबरुआ पुलिस स्टेशन के तहत जोकाई छब्बीस घरिया गांव में देर रात चलाए गए एक ऑपरेशन में पुलिस ने एक कुख्यात आदतन ड्रग्स तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई खोवांग के सीडीएसपी अमित रंजन बर्मन के नेतृत्व में की गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 966 ग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया। इसके साथ ही 1 लाख 44 हजार 270 रुपए नकद भी मिले हैं, जो ड्रग्स बेचकर कमाया गया पैसा माना जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, एक डिजिटल वजन मशीन, जिप-लॉक पैकेजिंग का सामान और कई अन्य आपत्तिजनक चीजें भी जब्त की हैं। इस कार्रवाई से आरोपी के पूरे नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और उसका वितरण का धंधा ठप हो गया है।

इससे पहले 23 अगस्त को सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली थी। असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में प्रतिबंधित संगठन ‘पीपुल्स लिबरेशन आर्मी’ (पीएलए) के एक बड़े उग्रवादी को पकड़ा था, जिस पर 4 लाख रुपए का इनाम था।

रक्षा विभाग के प्रवक्ता ने बताया था कि पीएलए का खुद को कैप्टन बताने वाला 28 साल का थियाम बोयचा सिंह उर्फ बालिन को शनिवार रात थौबल जिले के उशोइपोकपी से गिरफ्तार किया गया।

यह सफल संयुक्त ऑपरेशन असम राइफल्स की सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया था, जिससे बिष्णुपुर जिले में उग्रवादी की मौजूदगी का पता चला था। इसके बाद सुरक्षा बलों ने शनिवार शाम को टारगेटेड सर्च ऑपरेशन शुरू किया और इस खतरनाक उग्रवादी को पकड़ने में कामयाबी हासिल की।

मौके पर पूछताछ में उसकी पहचान थियाम बोयचा सिंह उर्फ बालिन के तौर पर हुई, जो खुद को पीएलए का कैप्टन बताता था और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को उसकी तलाश थी। उस पर 4 लाख रुपए का इनाम घोषित था। वह 13 नवंबर, 2021 को चुराचांदपुर जिले में हुए उस हमले का भी मुख्य आरोपी है, जिसमें कर्नल विप्लव त्रिपाठी, उनके परिवार के सदस्यों और अन्य जवानों की मौत हो गई थी।

Leave feedback about this

  • Service