April 3, 2026
National

बरसाना में पुलिस और एसओजी की बदमाशों से मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली, दूसरा भी गिरफ्तार

Police and SOG encounter criminals in Barsana, one shot in the leg, another arrested

3 अप्रैल । मथुरा जनपद के बरसाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं, पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से बिना नंबर की बाइक और अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, बरसाना पुलिस और एसओजी की टीम क्षेत्र में वांछित अपराधियों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भरना खुर्द माइनर के पास घेराबंदी की। सहार से कमई वाले नाले की तरफ से आ रहे दो संदिग्धों को जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में जीतू उर्फ जितेंद्र (33) पुत्र रतन सिंह निवासी नंदगांव के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। वहीं, उसके साथी राजवीर (40) पुत्र गोपाल को पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से दबोच लिया। घायल जीतू को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 1 बिना नंबर की टीवीएस रोनिन मोटरसाइकिल, 2 तमंचे (.315 बोर), 3 खोखा कारतूस और 2 अप्रयुक्त कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, दोनों अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं और हाल ही में बरसाना थाने में दर्ज बीएनएस की विभिन्न गंभीर धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत वांछित चल रहे थे। इन पर पहले भी हत्या के प्रयास (307) जैसे संगीन मामले दर्ज हैं।

थाना बरसाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इनके अन्य आपराधिक इतिहास और नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave feedback about this

  • Service