N1Live National नोएडा-ग्रेटर नोएडा में पुलिस का व्यापक चेकिंग और गश्त अभियान, बस-टैक्सियों की सघन जांच
National

नोएडा-ग्रेटर नोएडा में पुलिस का व्यापक चेकिंग और गश्त अभियान, बस-टैक्सियों की सघन जांच

Police conduct extensive checking and patrol operations in Noida-Greater Noida; intensive inspections of buses and taxis.

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने आमजन की सुरक्षा और शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न इलाकों में व्यापक चेकिंग और गश्त अभियान चलाया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सड़कों पर उतरकर सार्वजनिक वाहनों, खासकर बस और टैक्सियों की सघन जांच की।

पुलिस की तरफ से यह अभियान पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के मार्गदर्शन और निर्देश पर चलाया गया। निर्देश मिलने के बाद ग्रेटर नोएडा जोन के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। टीमों ने सार्वजनिक वाहनों को रोककर उनके जरूरी दस्तावेज की जांच की। इस दौरान वाहनों की खिड़कियों पर लगी काली फिल्म, अनधिकृत रूप से किए गए बदलाव, प्रकाश व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन की भी पड़ताल की गई। चेकिंग के दौरान संदिग्ध पाए गए वाहनों और व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई की।

ग्रेटर नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसीपी-1 कृष्ण पाल सिंह पुलिस बल के साथ सड़क पर उतरे। उन्होंने थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के परी चौक मेट्रो स्टेशन के आसपास फुट पेट्रोलिंग की। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। साथ ही क्षेत्र में तैनात पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। इसके साथ ही प्रमुख और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस अधिकारियों ने पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

वहीं नोएडा में एसीपी-1 प्रवीण कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ थाना सेक्टर-20 और सेक्टर-39 क्षेत्रों में पैदल गश्त की। इस दौरान संदिग्ध वाहनों की जांच करने के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में गश्त करने के निर्देश दिए।

थाना सेक्टर-142 क्षेत्र में एडवांट कट के पास भी बस और टैक्सियों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस ने वाहनों के दस्तावेज, काली फिल्म, अनधिकृत परिवर्तन और प्रकाश व्यवस्था की जांच की। अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस के मुताबिक, आमजन की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version