May 14, 2026
Punjab

पंजाब में निकाय चुनाव को लेकर पुलिस ने किया फ्लैग मार्च, 26 मई को होगा मतदान

Police conduct flag march in Punjab ahead of civic polls; voting to be held on May 26

14 मई । पंजाब में निकाय चुनावों का बिगुल बजते ही राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम घोषित किए जाने के बाद विभिन्न शहरों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।

मोगा शहर में नगर निगम चुनावों से पहले पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च डीएसपी सिटी जतिंदर सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाना था। फ्लैग मार्च मोगा शहर के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और रिहायशी क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।

डीएसपी सिटी जतिंदर सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि पंजाब सरकार द्वारा नगर निगम चुनावों की घोषणा के बाद पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।

उन्होंने कहा, “मोगा शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह फ्लैग मार्च निकाला गया है। इसमें दो एसएचओ समेत लगभग 60 पुलिस जवान हिस्सा ले रहे हैं। हमारा उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराए जाएंगे।”

बता दें कि राज्य चुनाव आयुक्त राजकमल चौधरी ने 11 मई को पंजाब निकाय चुनावों की तारीखों की घोषणा की थी। पंजाब में आठ नगर निगमों, 71 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के चुनाव 26 मई को कराए जाएंगे जबकि मतगणना और चुनाव परिणाम 29 मई को घोषित किए जाएंगे। जिन नगर निगमों में चुनाव होंगे उनमें बठिंडा, कपूरथला, मोहाली, बटाला, मोगा, अबोहर, पठानकोट और बरनाला शामिल हैं।

चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 13 मई से शुरू हो चुकी है और 16 मई तक चलेगी। उम्मीदवार 19 मई तक अपने नाम वापस ले सकेंगे जबकि नामांकन पत्रों की जांच 18 मई को की जाएगी। चुनाव आयोग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और नियमों के अनुसार कराई जाए।

चुनाव की घोषणा के बाद पंजाब में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणी अकाली दल ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। विभिन्न दलों से टिकट पाने के लिए उम्मीदवारों में होड़ मची हुई है।

वहीं, होशियारपुर नगर निगम में वोटर लिस्ट को लेकर उठी आपत्तियों के कारण चुनाव स्थगित कर दिए गए हैं। आयोग ने वहां नई मतदाता सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

Leave feedback about this

  • Service