May 2, 2026
National

संदीप पाठक पर एफआईआर को लेकर सियासी संग्राम, तरुण चुघ ने आप पर लगाया बदले की राजनीति करने का आरोप

2 मई । पंजाब की राजनीति में एक नया विवाद सामने आया है, जहां राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने इस कार्रवाई को ‘बदले की राजनीति’ करार दिया।

उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि जो व्यक्ति कल तक पार्टी और सरकार का हिस्सा था, वही आज अचानक अपराधी बना दिया गया है, क्योंकि उसने वैचारिक मतभेदों के चलते पार्टी छोड़ने का फैसला किया। चुघ ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी का ‘भ्रष्ट चेहरा’ सामने आने के बाद ही कई नेता उससे दूरी बना रहे हैं और जनता इस राजनीति का जवाब देगी।

तरुण चुघ ने यह बातें अमृतसर स्थित पवित्र स्थलों श्रीराम तीर्थ मंदिर और दुर्गियाना मंदिर के दौरा के बाद कहीं। उन्होंने इन स्थलों के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि युगों-युगों से पवित्र रही है। मान्यता के अनुसार भगवान वाल्मीकि का आश्रम यहां स्थित था और माता सीता ने भी यहां निवास किया। उन्होंने कहा कि लव और कुश ने अश्वमेध यज्ञ का घोड़ा यहीं रोका था और हनुमान भी यहां आए थे। चुघ ने इस स्थल को ‘देवभूमि’ बताते हुए कहा कि यहां के सरोवर का जल अमृत के समान है और उन्होंने यहां आकर हनुमान जी तथा लक्ष्मी नारायण का आशीर्वाद लिया।

पंजाब विधानसभा में हाल ही में हुए हंगामे और राज्य सरकार पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भी चुघ ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सत्ता और नशे की ‘मदहोशी’ में जो घटनाएं विधानसभा और कैबिनेट बैठकों में देखने को मिलीं, वे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग नशे के खिलाफ अभियान चलाने की बात करते हैं, वही खुद उसमें डूबे हुए हैं। संदीप पाठक के खिलाफ मामला दर्ज करने और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस को दिल्ली भेजे जाने पर भी उन्होंने सवाल उठाए और इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया।

चुघ ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कई प्रमुख नेता समय-समय पर पार्टी छोड़ चुके हैं, जिनमें प्रशांत भूषण, किरण बेदी, शाजिया इल्मी, आशुतोष, कुमार विश्वास और राघव चड्ढा जैसे नाम शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी में अब वही लोग बचे हैं जो सत्ता और भ्रष्टाचार से जुड़े हुए हैं, जबकि सच्चाई देखने वाले लोग लगातार पार्टी छोड़ते जा रहे हैं।

राजनीतिक बयानबाजी के दौरान चुघ ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता का जनादेश पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिल चुका है और लोग “निर्ममता वाली ममता” की सरकार को हटाने का मन बना चुके हैं।

Leave feedback about this

  • Service