July 8, 2025
Entertainment

महाराष्ट्र में भाषा पर राजनीति बहुत ही घटिया : दिनेश लाल यादव

Politics on language in Maharashtra is very bad: Dinesh Lal Yadav

महाराष्ट्र में भाषा विवाद का मुद्दा गरमाया हुआ है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद एवं भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने रविवार को इसे घटिया राजनीति करार दिया।

दिनेश लाल यादव ने पत्रकारों से बात करते हुए महाराष्ट्र में भाषा विवाद पर हो रही राजनीति की आलोचना की। उन्होंने कहा, “यह बहुत ही घटिया राजनीति है। ऐसी राजनीति नहीं होनी चाहिए। भारत की खूबसूरती यही है कि यहां अलग-अलग भाषा बोलने वाले लोग, अलग-अलग धर्म, जाति और संप्रदाय के लोग रहते हैं। अनेकता में एकता यही भारत की पहचान है। इसको अगर कोई खराब करना चाहता है तो यह ठीक नहीं है। ऐसे लोगों को जवाब मिलना चाहिए। जो ऐसा कर रहे हैं, वह गलत कर रहे हैं। उन्हें अपने राज्य की छवि को बदनाम करने का काम नहीं करना चाहिए। इसको कमजोर करने का काम नहीं करना चाहिए। अगर राजनीति करनी ही है तो जोड़ने की राजनीति करनी चाहिए, न कि तोड़ने की राजनीति करनी चाहिए।”

उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कहा, “जिस तरीके से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार बदला है। बिहार में जो बदलाव आया है, वह काफी अच्छा है। बिहार विकास की ओर बढ़े, इसके लिए एनडीए को जनता समर्थन देगी। जनता ने देखा है कि हम लोग बहुत पहले से बिहार आ रहे हैं। गांव-गांव घूमते हैं। हमने पहले का भी बिहार देखा है और अभी का बिहार भी देख रहे हैं। जिस तरीके से नीतीश कुमार ने बिहार को बदला है, इसको और आगे बढ़ाने के लिए आगे एनडीए की सरकार ही आएगी।”

अपनी फिल्म ‘हमार नाम बा कन्हैया’ को लेकर उन्होंने कहा कि यह ऐसी फिल्म बनी है, जो पूरे परिवार के साथ लोग देख रहे हैं, आनंद ले रहे हैं। एक नई बदलाव की शुरुआत हुई है। हम लोग भी आए हैं ताकि हम दर्शकों से अनुरोध कर सकें कि आप लोग अपने परिवार के साथ इस फिल्म को देखिए। भोजपुरी सिनेमा पर आरोप लगता था कि परिवार के साथ देखने लायक फिल्में नहीं बनाते हैं। ऐसे में हमने इसकी शुरुआत की है। हम उम्मीद करते हैं कि जनता को यह फिल्म बहुत पसंद आएगी। जहां पर फिल्म लगी है, लोग बहुत प्यार और आशीर्वाद दे रहे हैं।

Leave feedback about this

  • Service