March 19, 2026
National

पोंडा विधानसभा उपचुनाव: भाजपा के बाद आम आदमी पार्टी ने घोषित किया उम्मीदवार का नाम

Ponda Assembly by-election: After BJP, Aam Aadmi Party announces candidate’s name

19 मार्च । गोवा की पोंडा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बाद आम आदमी पार्टी ने भी अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी। आम आदमी पार्टी ने आगामी उपचुनावों के लिए गीतेश नायक को उम्मीदवार घोषित किया है।

आम आदमी पार्टी की गोवा इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “यह घोषणा करते हुए हर्ष हो रहा है कि पोंडा विधानसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनावों के लिए गीतेश नायक पार्टी के उम्मीदवार होंगे।”

इससे पहले, गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री रवि नायक के बेटे रितेश रवि नायक को अपना प्रत्याशी घोषित किया। बुधवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई बैठक में उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई थी। भाजपा ने पोंडा के साथ-साथ नागालैंड की कोरिडांग, कर्नाटक की बागलकोट और दावणगेरे दक्षिण, जबकि त्रिपुरा की धर्मनगर सीट से उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया।

वहीं, पोंडा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने केतन भाटीकर को उम्मीदवार बनाया है।

चुनाव आयोग ने रविवार को पोंडा विधानसभा सीट के लिए 9 अप्रैल को उपचुनाव और 4 मई को वोटों की गिनती का ऐलान किया। इसके बाद गोवा की राजनीतिक पार्टियों ने जीत हासिल करने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री रवि नाइक के निधन के बाद पोंडा विधानसभा सीट खाली होने के कारण यह उपचुनाव हो रहा है। उनका 14 अक्टूबर, 2025 को दिल का दौरा पड़ने से निधन हुआ था।

यह उपचुनाव भाजपा के लिए एक अग्निपरीक्षा होगी, क्योंकि 2022 के विधानसभा चुनावों तक पार्टी ने यह सीट कभी नहीं जीती थी। 2022 में ही नाइक ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। फिलहाल, यह चुनाव मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के लिए प्रतिष्ठा का विषय माना जा रहा है।

Leave feedback about this

  • Service