June 19, 2026
Entertainment

‘द इंडिया स्टोरी’ का पोस्टर जारी: काजल अग्रवाल वकील तो श्रेयस तलपड़े बने बेबस पिता, खाने में मिलावट पर आधारित है फिल्म

Poster of ‘The India Story’ released: Kajal Aggarwal plays a lawyer while Shreyas Talpade portrays a helpless father; the film is based on food adulteration.

‘द इंडिया स्टोरी’ के निर्माताओं ने फिल्म का नया पोस्टर जारी कर दिया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। इस फिल्म में काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के निर्देशक चेतन डीके ने बताया कि यह कहानी समाज की एक ऐसी गंभीर समस्या पर आधारित है, जिस पर अक्सर ध्यान नहीं दिया जाता, लेकिन यह हर इंसान की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करती है।

फिल्म के पोस्टर में काजल अग्रवाल एक सख्त वकील के रूप में दिखाई दे रही हैं, जबकि श्रेयस तलपड़े एक बेबस पिता की भूमिका में नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपनी गोद में एक छोटी बच्ची को उठाया हुआ है। वहीं बैकग्राउंड में बॉम्बे हाई कोर्ट की छवि दिखाई गई है। इसके अलावा, विटनेस बॉक्स में एक पेस्टिसाइड का सिलेंडर रखा हुआ दिख रहा है। यह पोस्टर ‘खाने में मिलावट’ जैसे बड़े मुद्दे को दर्शाता है। यह समस्या रोजाना आम लोगों की सेहत और जीवन पर बड़ा असर डालती है।

निर्देशक चेतन डीके ने कहा, ”यह फिल्म हर उस भारतीय की कहानी है, जिसके परिवार ने कभी न कभी खाने में मिलावट की समस्या का सामना किया है। यह एक ऐसी समस्या है जो बहुत आम होने के बावजूद अक्सर नजरअंदाज कर दी जाती है, जबकि इसका असर खतरनाक हो सकता है।”

उन्होंने आगे कहा, “फिल्म बनाने का मकसद इस छुपी हुई सच्चाई को लोगों तक पहुंचाना है ताकि समाज में जागरूकता बढ़े। मेरा मानना है कि जब लोग अपने रोजाना के खान-पान को लेकर ज्यादा सतर्क होंगे, तभी इस समस्या को कम किया जा सकता है। मुझे उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों को सोचने पर मजबूर करेगी।”

‘द इंडिया स्टोरी’ की कहानी दिखाती है कि कैसे हमारे रोजमर्रा के खाने में छिपी हुई मिलावट एक बड़े स्वास्थ्य संकट का कारण बन सकती है और कैसे इससे कितने परिवार प्रभावित होते हैं। फिल्म का उद्देश्य लोगों को इस गंभीर समस्या के प्रति जागरूक करना है। इस फिल्म का निर्माण सागर बी. शिंदे ने किया है और जी स्टूडियोज द्वारा इसे प्रस्तुत किया जाएगा। यह 24 जुलाई को हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में रिलीज होगी।

Leave feedback about this

  • Service