June 19, 2026
National

मां नयना देवी मंदिर स्थापना दिवस की तैयारियां तेज, 23 जून को जुटेंगे हजारों श्रद्धालु: राजीव लोचन साह

Preparations for the Maa Naina Devi Temple Foundation Day gathering pace; thousands of devotees to congregate on June 23: Rajiv Lochan Sah.

विश्व प्रसिद्ध मां नयना देवी मंदिर के स्थापना दिवस को लेकर मंदिर प्रशासन और ट्रस्ट ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 23 जून को आयोजित होने वाले स्थापना दिवस समारोह के लिए मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है और पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं भक्तिमय वातावरण देखने को मिल रहा है।

मां नैना देवी अमर उदय ट्रस्ट के अध्यक्ष राजीव लोचन साह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि मां नयना देवी मंदिर अत्यंत प्राचीन और आस्था का प्रमुख केंद्र है। वह पेशे से पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता हैं तथा ट्रस्ट के माध्यम से मंदिर की धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का संचालन किया जाता है। मंदिर के समीप स्थित प्रसिद्ध नैनी झील भी मां नैना देवी की महिमा से जुड़ी हुई है, जिसके कारण इसे नैनी झील के नाम से जाना जाता है।

उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 15 जून से 23 जून तक नौ दिवसीय श्रीमद् देवी भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होने वाली कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त कर रहे हैं। ट्रस्ट का अनुमान है कि स्थापना दिवस के दिन हजारों भक्त मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचेंगे।

राजीव लोचन साह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर ट्रस्ट ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। पहली बार मंदिर के निकास द्वार को भी श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए खोला गया है, जिससे भीड़ नियंत्रण और दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाया जा सके। इसके अलावा मंदिर परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए जूते-चप्पल रखने की व्यवस्था मंदिर के बाहर की गई है। ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।

राजीव लोचन साह ने बताया कि 23 जून को ब्रह्म मुहूर्त में मां नयना देवी की विशेष पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। सुबह 7 बजे से कुल पूजा आयोजित की जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक देव पूजन एवं पूर्णाहुति का कार्यक्रम होगा। दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक व्यास पूजन, पुस्तक पूजन और कन्या पूजन संपन्न कराया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाभंडारे का भी आयोजन किया गया है।

शाम 5 बजे से 7 बजे तक भव्य भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। मंदिर ट्रस्ट का कहना है कि स्थापना दिवस को भव्य, सुव्यवस्थित और आध्यात्मिक रूप से यादगार बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

Leave feedback about this

  • Service