June 15, 2026
National

स्लोवाकिया की लोक संस्कृति से प्रभावित हुए प्रधानमंत्री मोदी, बोले- ‘ब्रातिस्लावा में मिला स्वागत वाकई खास’

Prime Minister Modi impressed by Slovakia’s folk culture; says, ‘The welcome received in Bratislava was truly special.’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने स्लोवाकिया दौरे की तस्वीरें शेयर की हैं। उन्होंने भारतीय समुदाय के स्नेह और गर्मजोशी के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ने स्लोवाकिया के म्यावा क्षेत्र के ‘कोपानिसियारिक’ ग्रुप की प्रस्तुति की सराहना की।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भारतीय नागरिकों से मुलाकात की तस्वीरें शेयर की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “रविवार शाम ब्रातिस्लावा में मिला स्वागत वाकई बहुत खास था। मैं भारतीय समुदाय के स्नेह और गर्मजोशी के लिए उनका आभारी हूं। ऐसे भाव हमारे लोगों के बीच के गहरे रिश्तों को दर्शाते हैं व भारत-स्लोवाकिया की दोस्ती को और मजबूत करते हैं।”

उन्होंने ब्रातिस्लावा में ‘ब्रेड और नमक’ के साथ किए गए स्वागत को लेकर भी अपने विचार रखे। पीएम मोदी ने कहा, “ब्रातिस्लावा में स्वागत के दौरान पारंपरिक रूप से ब्रेड और नमक भेंट किया गया, जो स्लोवाकिया की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सद्भावना व मित्रता के उनके मूल्यों की एक सुंदर झलक है।”

पीएम मोदी ने एक अन्य ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “स्लोवाकिया के म्यावा क्षेत्र के ‘कोपानिसियारिक’ ग्रुप की शानदार प्रस्तुति देखी। इस तरह की लोक परंपराएं संस्कृति और इतिहास को संजोकर रखने में मदद करती हैं।”

वहीं, ब्रातिस्लावा में स्वागत के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के गायन को लेकर भी प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने लिखा, “ब्रातिस्लावा में स्वागत के दौरान लुक्निका एन्सेम्बल की टीम ने ‘वंदे मातरम’ गाया। यह ऐसे समय में हो रहा है जब हम ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं और भारत के इतिहास व स्वतंत्रता संग्राम में इसके शानदार योगदान को याद कर रहे हैं।”

बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी सोमवार को यूरोपीय देश के दो दिन के आधिकारिक दौरे पर ब्रातिस्लावा पहुंचे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि स्लोवाकिया की आजादी के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला दौरा है, जो भारत-स्लोवाकिया संबंधों में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है।

रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर लिखा, “होटल पहुंचने पर प्रधानमंत्री का स्वागत स्लोवाक रिपब्लिक के विदेश और यूरोपीय मामलों के मंत्री, जुराज ब्लानार ने किया और मेहमाननवाजी, सम्मान और सद्भावना की निशानी, रोटी और नमक से स्लोवाक तरीके से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरे से दोनों देशों के संबंध और मजबूत होंगे और साझेदारी के नए रास्ते खुलेंगे।”

Leave feedback about this

  • Service