October 14, 2026
National

त्योहारों के चलते धीमा हुआ विरोध-प्रदर्शन, सीईसी के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन : कांग्रेस

चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया ब्लॉक के विरोध-प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस ने अपना रुख स्पष्ट किया है। पार्टी ने त्योहारों को देखते हुए आंदोलन को कुछ समय के लिए धीमा करने का फैसला लिया है। हालांकि, कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा है कि यह आंदोलन रुकेगा नहीं और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगा।

कांग्रेस सांसद अमर सिंह ने पार्टी के फैसले पर बात करते हुए कहा कि त्योहारों का समय है और आंदोलन के चलते लोगों को कहीं आने-जाने में परेशानी न हो, इसके लिए कुछ समय के लिए आंदोलन को धीमा कर दिया गया है।

आईएएनएस से बातचीत में अमर सिंह ने कहा, “त्योहार आ रहे हैं, इसलिए लोगों के बारे में सोचना पड़ता है। सभी पार्टियां इस पर विचार कर रही हैं कि लोगों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो। हर व्यक्ति की अपनी सोच होती है, हर किसी का अपना त्योहार और आस्था होती है। इसलिए त्योहारों को देखते हुए आंदोलन में थोड़ा विराम दिया गया है, लेकिन हमारा आंदोलन जारी रहेगा और इसमें कोई कमी नहीं आएगी।”

वहीं, रांची में कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने कहा, “नवरात्रि का पावन पर्व चल रहा है, इसलिए सभी लोग इस पर्व को उल्लास के साथ मना सकें, इसे ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। लोगों के आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसका पूरा ख्याल रखा गया है।”

उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, “केंद्र सरकार विरोध-प्रदर्शन से डर जाती है और सहम जाती है। इसी डर के कारण वह रेलवे, मेट्रो, हवाई सेवा और सड़कों पर आवागमन बंद कर देती है। यानी एक तरह से अघोषित इमरजेंसी लगा देती है। इसलिए जनता को इस पावन दिन पर किसी तरह की परेशानी न हो और सरकार कम से कम इस दिन न डरे, इसके लिए कार्यक्रम को थोड़ा धीमा करने का फैसला किया गया है।”

राकेश सिन्हा ने आगे कहा कि इंडिया ब्लॉक का विरोध-प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा। जब तक ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा नहीं होता, तब तक यह आंदोलन चलता रहेगा।

Leave feedback about this

  • Service